पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची/चक्रधरपुर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल और रांची रेल मंडल ने महिला स्पेशल ट्रेन चलाई। ट्रेन की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मियों को दी गई। चक्रधरपुर से राउरकेला और रांची से टोरी तक वाया लोहरदगा के ट्रेन को रविवार सुबह हरी झंडी दिखाई गई। ट्रेन में पायलट, को-पायलट, गार्ड, टीटीई और महिला आरपीएफ जवान की तैनाती की गई।
चक्रधरपुर स्टेशन और रांची रेलवे स्टेशन का नजारा थोड़ा अलग था। दोनों स्टेशन से महिला रेलवे कर्मचारियों के नेतृत्व में महिला स्पेशल ट्रेन को चलाया गया। चक्रधरपुर से लेकर राउरकेला स्टेशन तक चली महिला स्पेशल ट्रेन की मुख्य चालक शिला रानी होरो थी, जबकि सहायक चालक ज्योत्सना नायक थी। गार्ड की कमान पूनम राणा ने संभाली तो टीटीई मंजीत कौर की महिला टीम ने ट्रेन में यात्रियों की टिकट जांच की। स्टेशन मैनेजर मीणा सत्पथी ने पूरे स्टेशन में महिला कर्मियों की तैनाती की। ट्रेन की महिला चालक और गार्ड को चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीपीओ एके महापात्रा के द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
खुश नजर आईं महिला सभी रेलकर्मी
महिला रेल कर्मियों ने ट्रेन की कमान संभालने की जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वे सामान्य रूप से तो काम करते ही हैं लेकिन जब इस तरह की जिम्मेदारी मिलती है तो उन्हें इससे प्रोत्साहन मिलता है। लोगों का उनपर जितना विश्वास बढ़ता है, उन्हें जिम्मेदारी का भी अहसास होता है। कुछ महिला रेल कर्मियों का यह भी कहना था कि बस एक दिन महिला दिवस में महिलाओं का सम्मान नहीं होना चाहिए। बल्कि लोगों को हर दिन महिलाओं का सम्मान कर उनके कार्यों का आदर करना चाहिए।
उधऱ. लोहरदगा रांची पैसेंजर ट्रेन लेकर लोहरदगा रेलवे स्टेशन पहुंची महिला चालक दीपाली अमृत, टीटीई विनिता खेस्स, मुनी भेंगरा, उर्सला टोप्पो, लुरिसिंया केरकेट्टा, मसिरा सुरीन, सब इंस्पेक्टर सुशीला बड़ाईक, सुमन मिंज व एस तिर्की ने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अब महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। पुरुष की तरह महिलाएं भी हर क्षेत्र में निपुणता से अपने कार्यों को बखूबी कर रही हैं। महिलाओं में कुछ भी करने की क्षमता होती है। इसलिए अब समाज के साथ साथ देश भी आगे बढ़ रहा है। सभी महिला कर्मियों ने महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी स्थान पर किसी को डरने की जरूरत नहीं है। वे अपने को गर्व महसूस करें और आगे बढ़ते रहें।
महिला दिवस पर बरवाडीह की बेटी से संभाली त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस की कमान
उधर, लातेहार बरवाडीह की बेटी सहायक लोको पायलट के पद पर नव पदस्थापित वर्षा कुमारी ने बरवाडीह से खुलने वाली त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस में सहायक लोको पायलट की कमान संभाली। वर्षा कुमारी ट्रेन के लोको पायलट सीपी यादव के साथ ट्रेन के निर्धारित समय पर बरवाडीह से ट्रेन लेकर रवाना हुई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.