पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो में 40 साल के एक व्यक्ति की कथित रूप से भुखमरी से मौत की खबरों के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। जांच करने पहुंची जिला प्रशासन ने किसी बीमारी से मौत होने की बात कही है।
क्या है मामला
शुक्रवार को कसमार के रहने वाले भुखल घासी (40) की मौत पर एक समाजिक कार्यकर्ता ने भूखमरी से मौत का आरोप लगाया और इस मामले में मुख्यमंत्री को ट्वीट किया। मुख्यमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सचिव खाद्य आपूर्ति को तुरंत बोकारो भेज इस मौत के मामले पर जांच और जरूरी कार्रवाई की जा रही है। बोकारो डीसी पीड़ित परिवार को अविलम्ब राहत पहुंचाते हुए विशेष शिविर लगा ऐसे हर ज़रूरतमंद परिवार को राशन कार्ड उपलब्ध कराएं।
6 महीने पहले बेंगलोर से लौटा था मृतक
कसमार के बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा कहा- लगभग छह महीने पहले बेंगलुरु से घर लौटे मजदूर भुखल घासी की किसी बीमारी से मौत हो गई। उनके अंगों में सूजन आ गई थी और स्थानीय विधायक ने उन्हें चेकअप के लिए अस्पताल जाने के लिए एम्बुलेंस मुहैया कराई थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि भुखल घासी के पास राशन कार्ड नहीं था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंदिरा आवास योजना के तहत अपने माता-पिता को आवंटित घर का इस्तेमाल भूखल घासी का विवाहित बेटे कर रहा है। जबकि भूखल और उनकी पत्नी एक मिट्टी के घर में रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घासी के दो बेटों और तीन बेटियां हैं और उसकी पत्नी को भीख मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि उसका पति काम के लिए शारीरिक रूप से अयोग्य था।

भूखल घासी की मौत के मामले में शनिवार को खाद्य आपूर्ति और सार्वजनिक जन वितरण विभाग के सचिव अरुण सिंह और डीसी मुकेश कुमार समेत कई अधिकारी मृतक के घर पहुंचे। विभागीय सचिव ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा यह मानवीय संवेदनहीनता का प्रतीक है। उन्होंने बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा, एमओ एसएन पाठक एवं मुखिया मृत्युंजय कपरदार से पूछताछ की। जवाब से असंतुष्ट होने पर तीनों को फटकार लगाई। इधर, बोकारो डीसी मुकेश कुमार सूचना पाकर सुबह ही मृतक के घर पहुंचे और उसकी पत्नी रेखा देवी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 हजार रुपये उपलब्ध कराया। शेष रकम बैंक खाते में डाली जाएगी। इसके अलावा विधवा पेंशन, राशन कार्ड एवं अंबेडकर आवास की स्वीकृति प्रदान की।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.