पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची. दुमका उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। 16 मार्च से ईवीएम की जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि अप्रैल के अंत और मई के पहले सप्ताह में उपचुनाव के लिए वोट डाले जा सकते हैं। बता दें कि दिसंबर 2019 में झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी हेमंत सोरेन ने दुमका के साथ बरहेट सीट से जीत दर्ज की थी। नतीजों के बाद उन्हें दोनों में से एक सीट चुननी थी। फिर हेमंत सोरेन ने दुमका सीट छोड़ दी थी।
झामुमो विधायक ने कहा- जेएमएम प्रत्याशी की होगी जीत
उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक मथुरा महतो ने गुरुवार को कहा कि दुमका सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए 14 मार्च को पार्टी की बैठक होगी जिसमें प्रत्याशी के नाम पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि दुमका उपचुनाव में जेएमएम के प्रत्याशी की ही जीत होगी।
दुमका विधानसभा सीट पर 2005 और 2014 के चुनावों को छोड़ दें तो 1980 से इस सीट पर झामुमो के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। 2005 में स्टीफन मरांडी ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए हेमंत सोरेन को हराया था। वहीं 2014 के विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन भाजपा प्रत्याशी लुईस मरांडी से हार गए थे। 2019 के चुनाव में झामुमो की इस सीट पर वापसी हुई। हेमंत ने लुईस मरांडी को 13 हजार से अधिक वोट से हराया था। अब हेमंत सोरेन के सीट छोड़ देने के बाद दुमका उपचुनाव में एक बार फिर से झामुमो और भाजपा आमने-सामने होगी।
हेमंत के छोटे भाई बसंत सोरेन या पत्नी कल्पना हो सकती हैं प्रत्याशी
चूंकि दुमका विधानसभा सीट झामुमो की परंपरागत सीट रही है। ऐसे में संभावना है कि जेएमएम की ओर से हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन या फिर उनकी पत्नी कल्पना सोरन प्रत्याशी हो सकती हैं। इससे पहले भी दोनों के नाम की चर्चा हो चुकी है।
दुमका फिर बनेगी हॉट सीट
संकेत के अनुसार स्पीकर बाबूलाल मरांडी के भाजपा में विलय पर जल्द कोई फैसला लेने नहीं जा रहे। मरांडी की सदस्यता पर भी अांच आ सकती है। उस स्थिति में भाजपा बाबूलाल से इस्तीफा दिलवा कर दुमका से उप चुनाव लड़ा सकती है। भाजपा की इस रणनीति की काट में झामुमो भी बाबूलाल को भगोड़ा (धनवार से चुनाव नहीं लड़ने) बता कर दुमका में उनका मजबूती से सामना करने की रणनीति पर काम करने लगा है।




Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.