पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मैट्रिक और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का 17 से मूल्यांकन, क्लास संचालन के समय में बदलाव

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ऑफिस। (फाइल) - Dainik Bhaskar
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ऑफिस। (फाइल)
  • रांची जिले में 14 सेंटर पर मूल्यांकन, मैट्रिक-इंटर के लिए सात-सात केंद्र
  • अब मूल्यांकन केंद्रों वाले स्कूल में सुबह सात से 10.30 बजे तक चलेगी क्लास

रांची. झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित की गई मैट्रिक और इंटर कला, विज्ञान और वाणिज्य की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 17 मार्च से शुरू होगा। इसलिए मूल्यांकन के दौरान स्कूल में क्लास संचालित करने के समय में बदलाव किया गया है। अब क्लास सुबह सात बजे से 10:30 बजे तक संचालित होगी। इस संबंध में रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिन्हा द्वारा मूल्यांकन केंद्रों वाले स्कूल के प्रिंसिपल के प्रिंसिपल को दिशा- निर्देश दे दिया गया है। रांची जिले में मैट्रिक और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें मैट्रिक और इंटर के लिए सात-सात मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।

क्लास व मूल्यांकन दोनों कार्य में होगी परेशानी
उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य सुबह 10 से शाम चार बजे तक किया जाता है। डीईओ के निर्देश जारी होने के बाद शिक्षकों में इस बात की चर्चा है कि क्लास और मूल्यांकन दोनों कार्य कैसे करेंगे। शिक्षक सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे। इधर, डीईओ ने स्पष्ट कहा है कि मूल्यांकन के लिए शिक्षकों को पैसे दिए जाते हैं। इसलिए सभी को कक्षा लेना अनिवार्य है।

रांची में इन केंद्रों पर मूल्यांकन
रांची जिले में मैट्रिक के लिए जिला स्कूल, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय बरियातू, एसएस बालिका उच्च विद्यालय डोरंडा, संत मार्गरेट बालिका उच्च विद्यालय बहु बाजार, बेथेसदा बालिका उच्च विद्यालय, संत पॉल हाईस्कूल बहुबाजार, गोस्सनर उच्च विद्यालय को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। वहीं, इंटरमीडिएट के लिए संत जॉन्स इंटर कॉलेज, संत अलोईस उच्च विद्यालय, उर्सूलाईन कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, संत अन्ना बालिका इंटर कॉलेज, मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल, बालकृष्णा प्लस टू हाई स्कूल और एलईबीबी हाई स्कूल शामिल हैं।

खराब सीसीटीवी को बदला जा रहा
जिले के मूल्यांकन केंद्रों पर सीसीटीवी लगा दिया गया है। जिस केंद्र पर सीसीटीवी खराब हो गया है, उसे बदला जा रहा है। मूल्यांकन केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई। ताकि विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हो।

खबरें और भी हैं...