पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
लातेहार/चाईबासा. झारखंड के लातेहार जिले से प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के दो जबकि चाईबासा से पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट आफ इंडिया) के एक नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में गुुरुवार को दोनों जिलों के एसपी ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। तीनों नक्सलियों के खिलाफ पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
लातेहार में गिरफ्तार नक्सली के पास से नगदी, मोबाइल और बाइक बरामद
इस संबंध में महुआडांड थाना प्रभारी ठाकुर प्रसाद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लेवी वसूलने के लिए जेजेएमपी के सक्रिय सदस्य थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर छापामारी की गयी एवं दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर टीम ने महुआडांड थाना क्षेत्र के बिरसा चौक से दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया। टीम में महुआडांड थाना की पुलिस और सुरक्षाबल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान बरवाडीह थाना क्षेत्र निवासी जीतेन्द्र राम उर्फ राजू और नीरज कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों के पास से लेवी (रंगदारी) के 20 हजार रुपए, दो मोबाइल और यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि जितेंद्र राम पर पूर्व से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार नक्सली के पास से लेवी वसूली का लेटर पैड किया बरामद
उधर, चाईबासा के टेबो थाना क्षेत्र के चंपवा सासंग पहाड़ी से पीएलएफआई के नक्सली हाजरा रुगु को गिरफ्तार किया गया है। चाईबासा के एसपी इंद्रजीत महथा ने प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी दी कि गिरफ्तार हाजरा रुगु पीएलएफआई कमांडर शनिचर सुरिन और चम्पा उर्फ डाडु नाग के सहयोगी एवं दस्ते का सक्रिय सदस्य है। उन्होंने बताया कि टेबो थाना की पुलिस और सुरक्षाबलों के साथ विशेष छापेमारी के दौरान ये सफलता मिली। छापेमारी के दौरान पुलिस को देख एक लड़का सामने से आता दिखा। उसे रोका गया तो वो भागने लगा। फिर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ कि तो उसने अपना नाम पश्चिम सिंहभूम टेबो थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय हाजरा रुगु बताया। तलाशी के दौरान नक्सली के पास से लेवी वसूली के लेटर पैड बरामद किया गया। इस संबंध में टेबो थाना में मामला दर्ज किया गया है।




Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.