पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची.प्रदेश में खाली हो रही राज्यसभा की दो सीटों में से एक के लिए बुधवार को शिबू सोरेन ने नामांकन किया। शिबू सोरेन ने एक सेट में अपना नामांकन पत्र विधानसभा सचिव महेंद्र प्रसाद को सौंपा। नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक, 10 महीने में शिबू सोरेन की संपत्ति में 24 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। 73 साल के शिबू सोरेन ने नामांकन पत्र के दौरान दाखिल किए शपथ पत्र में अपनी कुल संपत्ति 7.50 करोड़ रुपए बताई है।
उन्होंने अप्रैल 2019 के लोकसभा चुनाव में दिए गए शपथ पत्र में हिंदू अविभाजित परिवार की संपत्ति समेत अपनी कुल संपत्ति 7.26 करोड़ रुपए घोषित की थी। जबकि उन्होंने 2014 में 4.87 करोड़ की संपत्ति घोषित की थी। छह साल में शिबू सोरेन की संपत्ति में डेढ़ गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है।
वहीं 2019 लोकसभा चुनाव में दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने अपनी कुल चल संपत्ति 2,29,67,962 रुपए बताई थी जिसमें 10 महीने में मामूली रूप से इजाफा हुआ है। राज्यसभा के लिए भरे गए नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र में शिबू सोरेन ने अपनी कुल चल संपत्ति 2,29,76,862 रुपए बताई है। करीब 14 हजार रुपए का इजाफा दिखाया गया है। उन्होंने 2014 में अपनी कुल चल संपत्ति 1,55,34,684 रुपए घोषित की थी। चुनाव प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू होगी। 26 मार्च को बैलेट पेपर के जरिए मतदान होगा। इसी दिन शाम को 5 बजे नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा।
जेएमएम के दस विधायक बने शिबू सोरेन के प्रस्तावक
जेएमएम के 10 विधायक शिबू सोरेन के प्रस्तावक बने हैं। शिबू सोरेन के नामांकन के दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस और जेएमएम के मंत्री और विधायक मौजूद रहे। शिबू सोरेन को गठबंधन की ओर से एक सीट के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। नामांकन के दौरान मौजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन की जीत तय है। दूसरी सीट पर हमारी नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कदम पर नजर है। जल्द ही गठबंधन की ओर से दूसरे उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी के सवाल पर कहा कि भाजपा चुनाव लड़ेगी भी या नहीं, ये भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
उधर, शिबू सोरेन के नामांकन से पहले बुधवार को विधानसभा पहुंचे झारखंड के वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि दोनों सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी विजयी होंगे। कांग्रेस जल्द ही अपने प्रत्याशी का एलान करेगा। बता दें कि इससे पहले शिबू सोरेन 1998 और 2002 में राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। बता दें कि चुनाव प्रक्रिया छह मार्च से शुरू गई है। 26 मार्च को बैलेट पेपर के जरिए मतदान होगा। इसी दिन शाम को 5 बजे नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा।
जीत के लिए एक प्रत्याशी को 28 विधायकों का समर्थन जरूरी
9 अप्रैल को राज्यसभा में झारखंड से दो सीटें खाली हो रही हैं। चुनाव में जीत के लिए एक उम्मीदवार को कम से कम 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी। झामुमो के पास 30 विधायक हैं। बाबूलाल मरांडी के भाजपा में शामिल होने के बाद इस पार्टी की सदस्य संख्या 26 हो गई है। आजसू के दो विधायकों को मिला लें तो भाजपा समर्थक विधायकों की संख्या 28 हो जाती है। वैसे भाजपा का दावा है कि दो निर्दलीय विधायक भी उनके संपर्क में हैं। इन्हें मिला लें तो भाजपा 30 तक पहुंच जाती है। इस प्रकार जेएमएम-भाजपा अपने-अपने उम्मीदवारों को राज्यसभा भेज सकते हैं।
झारखंड की पार्टीवार स्थिति
| पार्टी | सीटें |
| झामुमो | 30 |
| भाजपा | 26 |
| कांग्रेस | 18 |
| आजसू | 2 |
| निर्दलीय | 2 |
| अन्य | 3 |
शिबू सोरेन का राजनीतिक सफर...
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.