पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सिमडेगा. हैदराबाद व बेंगलुरू से 13 बच्चों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने की पुलिस ने मानव तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। बच्चों को पिछले दो वर्षों में इन शहरों में ले जाया गया था जहां इन्हें कई तरह के शोषण का शिकार बनना पड़ रहा था। पुलिस ने बच्चों को छुड़ाने के अलावा इन्हें तस्करी करने की आरोपी महिला तस्कर वंदना डांग को भी गिरफ्तार किया है। एक सप्ताह पूर्व ही सिमडेगा कोर्ट ने वंदना डांग के पति नेलशन डांग को मानव तस्करी तथा दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। शनिवार को एसपी संजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि मानव तस्करी और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी वंदना को जेल भेज दिया है।
फुलजेम्स कुल्लू की गुहार के बाद पुलिस ने शुरू की थी बच्चों की खोज
एसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सलडेगा निवासी फुलजेम्स कुल्लू ने आवेदन दिया था कि उनकी नाबालिग बेटी को वंदना नाम की महिला काम दिलाने के बहाने हैदराबाद ले गई है और वहां उसे बेच दिया है। पुलिस ने इस शिकायत के आलोक में इंस्पेक्टर रवि प्रकाश राम के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी और बच्ची की बरामदगी के लिए आरोपी मानव तस्कर वंदना की खोज शुरू की। वंदना को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हैदराबाद व बेंगलुरू के विभिन्न स्थानों पर छापा मारा। पुलिस ने फुलजेम्स की पुत्री के अलावा आठ और बच्चों को उक्त दोनों शहरों से छुड़ाते हुए अपने संरक्षण में ले लिया। साथ ही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां के सेल्टर होम में रखे गए चार बच्चों जो कि झारखंड के विभिन्न गांवों के हैं, को भी अपने संरक्षण में लेते हुए सिमडेगा ले आई।
साहेबगंज, पाकुड़, गिरीडीह और खूंटी से भी ले जाए गए थे नाबालिग बच्चे
पुलिस द्वारा मानव तस्करों से छुड़ाए गए बच्चे-बच्चियाें में चार बच्चे साहेबगंज, पाकुड़, गिरिडीह और खूंटी जिले के निवासी हैं तथा बाकी बच्चे सिमडेगा जिले के रहने वाले हैं। एसपी संजीव कुमार ने कहा कि मानव तस्कर नेलशन डांग के जेल में रहने के बाद भी उसकी पत्नी मानव तस्करी के धंधे में लगी हुई थी।
कई महीनों से लापता था साहेबगंज निवासी मानसिक रूप से कमजोर बच्चा
एसपी संजीव कुमार ने बताया कि साहेबगंज जिले के मानसिक रूप से कमजोर बच्चे को मानव तस्करों ने बेच दिया था। बच्चे से दिनरात काम कराया जा रहा था। एसपी ने बताया कि उक्त बच्चे की बरामदगी के बाद सब इंस्पेक्टर विजेता भारती ने साहेबगंज स्थित सब इंस्पेक्टर के माध्यम से इस बच्चे के परिजनों को ढूंढ निकाला और उन्हें सिमडेगा बुलाया गया। फिर उन्हें उनका बच्चा सौंप दिया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.