विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम जारी है। अब 22 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। दूसरी ओर, एनवीएसपी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पा रहा है। जबकि, 8 सितंबर को आयोजित विशेष कैंप में कई बूथों पर बूथ लेबल ऑफिसर (बीएलओ) के नहीं रहने से लोगों को लौटना पड़ा। कई ने बीएलओ से फॉर्म लेने के लिए कॉल किए पर वे रिसीव ही नहीं कर रहे हैं। सुविधा के लिए शुरू 1950 टोल फ्री नंबर भी 4-5 दिनाें से खराब था। ज्ञात हो कि 8 सितंबर को विशेष कैंप लगा। बूथ से गायब रहने वाले हटिया विधानसभा के 32 शिक्षक जो बीएलओ के रूप में कार्यरत थे, उनके सितंबर से वेतन विपत्र अगले आदेश तक लंबित रहेगा। जबकि, रांची विधानसभा के 8 बीएलओ को भी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर एसडीओ ने शोकॉज कर जवाब मांगा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राय महिमापत रे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रेस वार्ता में कहा कि जिन बूथों पर बीएलओ नहीं मिले, उन पर कार्रवाई हो रही है।
नाम जोड़ने, सुधार व स्थानांतरित करने और हटाने के लिए भी करें आवेदन
भास्कर अपील
...लोकतंत्र के पर्व में शामिल हाेने का अवसर
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व सुधार कार्य अब 22 सितंबर तक होगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश 12 अक्टूबर को होगा। जो भी योग्य नागरिक जिनकी उम्र 1.01.2019 के अनुसार 18 वर्ष हो गई है या जो छूट गए हैं, वो मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए नजदीक के बूथ में आवेदन दे सकते हैं। नाम जोड़ने के अलावा सुधार करने, स्थानांतरित करने और हटाने के लिए भी आवेदन दिया जा सकता है।
महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर
समस्या हो तो इस नंबर पर करें कॉल : किसी बूथ पर बीएलओ नहीं हैं। फॉर्म नहीं मिल रहा है या मतदाता सूची से संबंधित कोई समस्या होने पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8210666894 या उनके कार्यालय के नंबर- 0651-2214002 पर कॉल करें। रांची डीसी से किसी तरह की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1950 से ले सकते हैं। विशेष ट्विटर हैंडल @ElectionsRanchi पर भी शिकायत की जा सकती है।
रांची जिले के मतदाताओं का जेंडर रेशियो देश के रेशियो से 22 प्रतिशत कम है। देश में 972 का रेशियो है। जबकि, रांची में रेशियो 950 है। मतदाता सूची के अनुसार 1000 पुरुष की तुलना में 923 महिला मतदाता हैं। ऐसे में जेंडर रेशियो में सुधार पर विशेष ध्यान है। डीसी ने कहा कि सबसे खराब स्थिति रांची विधानसभा की है। यहां 1000 में 878 महिला मतदाता हैं।