पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
धनबाद. केंदुआडीह थाना क्षेत्र के गंसाडीह निवासी 37 वर्षीय विधवा की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। इस संबंध में मृतका की बेटी ने केंदुआ थाना में अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला अवैध कोयला कारोबार से जुड़ी थी। मामले के खुलासे के बहुत नजदीक पुलिस पहुंच चुकी है, जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। घटना सोमवार देर रात की है।
मृतका के पति की 2003 में हुई थी हत्या
मृतका की पहचान 37 वर्षीय ममता देवी के रूप में हुई है। उधर, पुलिस को दिए गए आवेदन में मृतका की बेटी लाड़ली ने बताया कि सोमवार की शाम करीब सात बजे भुईंया पट्टी में उसकी मां की अज्ञात लोगों द्वारा धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। उसने बताया कि वारदात के बाद उसकी मां ने खुद को बचाते हुए काफी दूर तक दौड़ी और फिर गिर गई। उधर, स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका की बेटी ने बताया कि उसके पिता साधु पासवान की 2003 में हत्या हो गई थी।
मृतका के प्रेमी की भी हुई थी हत्या
मृतका की बेटी ने बताया कि पिता की मौत के बाद ममता देवी मोहम्मद फिरोज नाम के युवक के संपर्क में आई। 2009 में फिरोज की भी हत्या हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका के प्रेमी धनसार थाना क्षेत्र नई दिल्ली निवासी सूरज कुमार की जनवरी 2019 में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सूरज के परिजनों ने इसे हत्या बताया था और ममता देवी पर हत्या कराने का आरोप लगाया था। उस दौरान सूरज के परिजनों ने बदला लेने की बात कही थी। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
महिला के गले और पेट पर मिले धारदार हथियार से वार के गहरे निशान
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे केंदुआ थाना के प्रभारी वीर कुमार ने बताया कि मृतक के गले और पेट पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं। फिलहाल, मृतका की बेटी की ओर से दर्ज कराए गए एफआईआर के बाद कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.