पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जान बचाकर भाग रही महिला को जंगली हाथियों ने कुचलकर मारा, डर से घर में छिपे रहे दोनों बेटे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मृत महिला का शव। - Dainik Bhaskar
मृत महिला का शव।
  • हाथियों के झुंड ने मकानों को भी तोड़ा, कई लोगों की फसल को रौंदकर किया बर्बाद
  • घटना की सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने मृतक के आश्रितों को 50 हजार मुआवजा राशि दी

रांची. तमाड़ थाना क्षेत्र में बुधवार की रात घर के पिछले हिस्से को तोड़ रहे जंगली हाथियों के भय से जान बचाने के लिए दरवाजे की ओर निकली विधवा पानो देवी को दो जंगली हाथियों ने कुचल कर मार डाला। मृतका गांगो गांव निवासी स्व, सुरेन पांडे की पत्नी थी। घटना के दौरान हाथियों के डर से उसके दोनों पुत्र घर के एक कोने में दुबके रहे। उधर, घटना की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम ने मृतक के आश्रितों को 50 हजार रुपए की राशि मुआवजे के तौर पर दी।


बताया जाता है कि रात्रि करीब एक बजे दो जंगली हाथी गांव में पहुंचे। इस दौरान एक हाथी पानो देवी के घर के पिछले हिस्से को तोड़ने लगा। दूसरा हाथी दरवाजे की ओर खड़ा रहा। हाथियों के आ धमकने और घर तोड़ने की जानकारी होने पर पानो देवी जान बचाने के लिए दरवाजे की भागी। इस बीच दूसरे हाथी ने उसे अपने चपेट में ले लिया और कुचलकर मार डाला। पानो देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद जंगली हाथियों ने पुस्तम स्वांसी और मंगल सिंह मुंडा के घर को भी तोड़ा। इसके अलावे पुस्तम स्वांसी, तुला कुमारी, रामनाथ पांडा आदि किसानों के खेत पर लगी गेहूं, चने और अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों की माने तो दोनों जंगली हाथी पिछले पांच दिनों से उत्पात मचा रहे हैं। इसकी जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नही की गई जिसे लोग काफी आक्रोश में हैं। 

मृतक के आश्रितों को दी गई 50 हजार रुपए की मुआवजा राशि
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस के अधिकारी गांगो गांव पहुंचे। वनपाल करमा गाड़ी, वनरक्षी अजय होरो, सिप्रियन टूटी, विजय लेमसा ने मृतका के दोनों पुत्रों समल पांडे एवं धीरेन पांडे को 50 हजार की राशि मुआवजे के तौर पर दी।