पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आठ दुकानों में विक्षिप्त युवक ने लगाई आग, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर युवक को पकड़ा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आग से नुकसान का जायजा लेने पहुंचे स्थानीय विधायक व अन्य। - Dainik Bhaskar
आग से नुकसान का जायजा लेने पहुंचे स्थानीय विधायक व अन्य।
  • आग लगाए जाने की खबर के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक, आरोपी को भेजा जाएगा रिनपास

सिमडेगा. मंगलवार रात करीब दो बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में एक युवक ने आठ दुकानों में आग लगा दी। शहर के बाजारटांड, बीच मोहल्ला, कॉलेज रोड और नीचे बाजार स्थित झुग्गीनुमा दुकानों के प्लास्टिक व तिरपाल के शेड में आग लगाए जाने की खबर के कुछ ही देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद नासिर शेख के रूप में हुई है जिसे भट्ठीटोली इलाके से गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया युवक मुर्शीदाबाद का रहने वाला है तथा सिमडेगा में राजमिस्त्री का काम करने वाले अपने पिता तजमुल के साथ रहता है। 


रात तीन बजे जब लोगों ने अलग-अगल स्थानों पर दुकानों में आग देखा तो पुलिस काे सूचना दी। सूचना के बाद एसपी संजीव कुमार, एसडीपीओ राजकिशोर, थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, इंस्पेक्टर दयानंद व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने मौके की नजाकत को समझते हुए दमकल के अलावा पीसीआर वाहनों को तुरंत वहां बुला लिया। 

विधायक ने घटनास्थल पहुंचकर ली जानकारी
इधर, बुधवार को विधायक भूषण बाड़ा ने घटनास्थलों पर पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुस्तैद नहीं रहती तो जिले में सदभाव बिगड़ सकता था। विधायक ने गिरफ्तार युवक से भी सवाल-जवाब किया तथा पुलिस से समुचित कार्रवाई को कहा। 

आग लगाने वाला युवक मानसिक बीमार, भेजेंगे रिनपास: एसपी
एसपी संजीव कुमार ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों में आग लगाए जाने तथा आरोपी के पकड़े जाने के मामले में बताया कि नासिर शेख को मानसिक रूप से बीमार पाया गया है। पुलिस उसके इलाज के लिए उसे रिनपास भेजने का प्रबंध कर रही है। उन्होंने कहा कि विक्षिप्त युवक ने जहां-जहां भी प्लास्टिक देखा उसने अपने पास मौजूद लाइटर से प्लास्टिक को जलाया। इससे आग फैली और दुकानों में नुकसान हुआ। एसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जरूरी छानबीन कर रही है।

इन दुकानों में लगाई गई थी आग 
युवक नासिर शेख द्वारा आग लगाए जाने पर सबसे ज्यादा नुकसान नीचे बाजार में स्थित टायर रिपेयरिंग दुकानदार मोहम्मद कुद्दूस अंसारी को हुआ है। आग से दुकान में रखे पुराने टायर जलने के अलावा टायर में हवा भरने वाली मशीन की टंकी भी फट गई। युवक द्वारा नीचे बाजार में खड़े नंदकिशार अग्रवाल और संजय शाह के ट्रकों में ढंके तिरपाल में भी आग लगाई थी। आग भड़कने से पहले ही लोगों ने इसे बुझा दिया था। बाजारटांड स्थित जावेद व दिलीप की मुर्गियों की दो दुकानें, कॉलेज रोड में मकसूद व रजी मल्लिक की झुग्गीनुमा दुकानें तथा ईदगाह मोहल्ला में सोनू की दुकान के प्लास्टिक को जलाया गया था।