औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के देवहरा गांव के एक युवक झारखंड राज्य के बोकारो में सेना की बहाली में दौड़ लगाने गया था। लेकिन दौड़ लगाते वक्त ही उसके पेट में दर्द उठा और इलाज के दौरान अस्पताल जाते समय बीच रास्ते मे ही उसकी मौत हो गई। मृतक युवक उसी गांव के रामाशीष मेहता का इकलौता बेटा जय प्रकाश कुमार था।
प्राप्त जानकारी अनुसार जय प्रकाश देशभक्ति की जुनून रखता था। देश की सेवा करना उसका लक्ष्य बन चुका था। इसी जुनून में वह दिन रात एक कर सेना में जाने के लिए मेहनत कर रहा था। जय प्रकाश सेना में बहाल होकर देश सेवा करने का जज्बा रखता था। इसी दौरान झारखंड राज्य के बोकारो में सेना की बहाली निकली हुई थी। जिसमें जय प्रकाश वहां दौड़ लगाने के लिए गया था। लेकिन दौड़ लगाने के क्रम में जय प्रकाश के पेट में अचानक दर्द उठा और वहीं पर वह गिर पड़ा।
इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कर उसे घर भेज दिया गया। लेकिन गंभीर हालत देखते हुए परिजनों के द्वारा उसे इलाज के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जमुहार ले जाया जा रहा था। लेकिन बीच रास्ते में ही जय प्रकाश की मौत हो गई। घटना के बाद से जय प्रकाश के परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वही गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताते चलें कि आसपास के युवा जो सेना में जाने के लिए दिन-रात तैयारी करते हैं। वे लोग जय प्रकाश की मौत पर दु:ख प्रकट करते हुए जोगिया बाजार में शहीद जगतपति स्मारक के पास कैंडल जलाकर उसकी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कि है। युवाओं ने कहा कि जय प्रकाश का असमय जाना हम सबों के लिए असहनीय है। लेकिन हम सभी युवा साथी मिलकर उनकी कमियों को पाटने का काम करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.