बांका: पुलिस ने बांका नगर परिषद के कर्मचारी देवेंद्र कुमार को शराब के नशे में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। वह कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब भर कर अपनी कार में जाम छलका रहा था। इसी दौरान बौंसी पुलिस ने उसे सांझोतरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मचारी देवेंद्र कुमार, दुमका जिले के सरैया बाजार का रहने वाला है। वह बांका नगर परिषद में कार्यरत है।
दरअसल, मंगलवार को बौंसी पुलिस सांझोतरी के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान कार में बैठकर देवेंद्र कुमार कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब पी रहा था। ब्रेथ ऐनेलाइजर से जांच के दौरान पुलिस को शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। कार में कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब भरी हुई थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बौंसी थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि सांझोतरी के पास से जांच अभियान चलाकर पुलिस ने चार शराबियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक नगर परिषद का कर्मी भी बताया जा रहा है। वही, नगर परिषद के कार्यापालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह ने बताया कि देवेंद्र कुमार नगर परिषद का कर्मी है। उसके शराब पीने की सूचना उन्हें नहीं है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.