बांका में उत्पादन के आधार पर इस बार बांका को 29 हजार 939 एमटी धान खरीद का लक्ष्य मिला है। जिले में कम वर्षा के कारण सूखा ग्रस्त जिला घोषित होने के बाद किसानों को तत्काल राहत देने के लिए सरकार द्वारा सभी किसानों को 35 सौ रुपया प्रति परिवार का लाभ दिया गया। जिन किसानों को सूखा का लाभ नहीं मिला है वैसे किसानों से पैक्स द्वारा प्राथमिकता के आधार पर धान खरीद की जाएगी।
ज्ञात हो कि जिले में लगभग तीन लाख 40 हजार किसान है। इसमें से अब तक दो लाख 53 हजार किसानों को आपदा राहत के तौर पर 35-35 सौ रुपया दिया गया है। अब प्रशासन ने सूखा प्रभावित इन किसानों को धान खरीद की कतार में पीछे ढकेल दिया है। यानी जिस किसान को सूखा की सरकारी राशि मिली है, धान बेचने में उनका नंबर बाद में आएगा।
यानी जिस किसान को सूखा राहत राशि नहीं मिली है पैक्स पहले उसका धान खरीदेगा। सहकारिता पदाधिकारी संगीता कुमारी ने बताया कि पैक्स द्वारा पहले उन किसानों का धान खरीद किया जाएगा जिन्हें सूखा राहत का लाभ नहीं मिला है। इन किसानों से धान खरीद होने के बाद ही लाभ लेने वाले किसानों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक 58 किसानों से 225 एमटी धान की खरीद हुई है। इच्छुक किसान धान बेचने के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते है। हर संभव सभी किसानों से धान खरीद की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.