- Hindi News
- Local
- Bihar
- Begusarai
- 7.49 Lakh Duped By Promising Profits In Online Trading
ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 7.49 लाख ठगे
- कॉपी लिंक
क्राइम रिपोर्टर | बेगूसराय
ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के मेहदाशाहपुर निवासी रविशंकर प्रसाद सिंह से 7 लाख 49 हजार 258 रुपए ठग लिए। अब ठग कथित मुनाफे की रकम निकालने के नाम पर उनसे 2 लाख रुपए और मांग रहे हैं। पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित के अनुसार, 17 जुलाई को उन्होंने फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का विज्ञापन देखा। विज्ञापन के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उन्हें एक आईडी दी गई। इसके बाद उन्होंने बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग तारीखों पर रकम भेजी। 17 जुलाई से 30 जुलाई के बीच उन्होंने कुल 7 लाख 49 हजार 258 रुपए निवेश कर दिए। पीड़ित ने 17 जुलाई को बताए गए खाते में 9,720 रुपए 24 पैसे की राशि दो बार भेजी। इसके बाद 23 जुलाई को 80 हजार रुपए, 24 जुलाई को 2 लाख रुपए, 29 जुलाई को 50 हजार रुपए, 30 जुलाई को 2.50 लाख रुपए भेजे। इस तरह अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी। पीड़ित का आरोप है कि रकम निवेश कराने के बाद साइबर ठग अब प्रॉफिट निकालने के नाम पर लगातार फोन कर रहे हैं। वे 2 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने नेशनल साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। साइबर पुलिस के अनुसार, ठग अब सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए नकली ट्रेडिंग ऐप या वेबसाइट का लिंक भेजते हैं। इनमें निवेशक को शुरुआती दिनों में स्क्रीन पर मोटा मुनाफा दिखता है, जिससे उनका भरोसा जीत लिया जाता है। लेकिन यह मुनाफा केवल एक डिजिटल छलावा होता है। जब पीड़ित पैसे निकालने की कोशिश करता है, तो ठग टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या चार्ज के नाम पर और रकम मांगने लगते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी अनजान सोशल मीडिया लिंक से निवेश न करें। केवल सेबी से पंजीकृत प्लेटफॉर्म ही चुनें और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।






















