वीरपुर प्रखंड के नौला पंचायत अंतर्गत मखवा वार्ड संख्या सात में शनिवार की सुबह अचानक आग लगने से दो लोगों का घर जलकर पूरी तरह से राख हो गया। जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर महतो की पुत्री अंजली कुमारी अपने घर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस लीकेज के कारण घर में अचानक आग लग गई। इस आगलगी की घटना में चंदशेखर महतों एवं उनके घर से सटे नरसिंह महतो का भी घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। चंद्रशेखर महतो की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि 60 हजार लोन लिए थे।
वह भी जलकर राख हो गया। वहीं एक लकड़ी की गुमटी दुकान में भी आग लग गई। अगलगी में दोनों घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, कागजात, जेवर समेत अन्य सामान जल गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाया। हालांकि दमकल की गाड़ी बाद में आई लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।
अगलगी की सूचना पाकर नौला पंचायत की मुखिया रीचा देवी, पंसस मुकुल प्रकाश ने अग्नि पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर तत्काल आर्थिक मदद की। वहीं सीओ ललिता कुमारी ने अग्निपीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता राशि का चेक सौंपा वहीं प्लास्टिक का पॉलिथीन भी अग्निपीड़ितों को प्रदान किया। मौके पर वार्ड सदस्य मंजू कुमारी, उदय शंकर कुमार, धीरज कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.