बगहा के रिहायशी इलाके की तरफ से मगरमच्छों का झुंड प्रवेश कर जाने से दहशत का माहौल है। गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण तिरहुत, दोन और त्रिवेणी कैनाल में मगरमच्छों का झुंड प्रवेश कर गया है। इसके साथ ही हरहा नदी में भी मगरमच्छों के झुंडों को देखा जा रहा है। अब तो यह मगरमच्छ सड़क पर भी आ जा रहे हैं।
नहर में कूदा मगरमच्छ
शनिवार की रात पटखौली थाना क्षेत्र के नरवल बरवल-सेमरा मुख्य सड़क पर नहर किनारे विशाल मगरमच्छ निकल आया, इसके बाद वहां भीड़ जुट गई। कुछ लोगों के लिए मगरमच्छ इंटरटेंनमेंट का साधन हो गया। वे दूर से मगरमच्छ की फोटो भी खींचने लगे। वहीं, कुछ यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच लगभग 15 मिनट तक सड़क और किनारे मगरमच्छ चहल कदमी करता रहा। फिर कुछ देर बाद नहर में कूद गया।
सड़क पर कुछ देर तक आवाजाही ठप रहा
इस दौरान काफी देर तक सड़क पर आवाजाही ठप हो गया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व व गंडक नदी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अक्सर जंगली जानवरों के साथ मगरमच्छ भी निकल कर नहरों और रिहायशी इलाकों में घुस जा रहे हैं। कई बार तो जान माल का नुकसान हो जाता है।
वहीं, वन विभाग और प्रशासन की ओर से इस पर रोकथाम के कोई कारगर उपाय नहीं किये जा रहे हैं। इससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों को ज्यादा दिक्कतें होने लगी है। जानवरों की वजह से खेती भी प्रभावित हो रही है। लिहाजा, ग्रामीणों और किसानों ने VTR प्रशासन और वन विभाग से मुकम्मल कार्रवाई की मांग की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.