निर्देश:परमान नदी के कटावरोधक कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश

अररिया2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 व 12 खरैहिया बस्ती में परमान नदी के कटाव की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार आवाज उठाई है। तब जाकर बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मासूम रेज़ा ने बताया कि इस कटान की विकराल स्थिति से कई बार ज़िला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया था।

इस गंभीर मामले को लेकर सांसद प्रदीप सिंह, विधायक आबिदुर रहमान, नगर परिषद अध्यक्ष रितेश रॉय, वार्ड संख्या 11 के पार्षद प्रतिनिधि मासूम रेजा ने पत्र के माध्यम से प्रभारी मंत्री, जिला प्रशासन और कटिहार बाढ़ नियंत्रण विभाग को समस्या के समाधान हेतु अपील की। इसी को लेकर बुधवार को कटिहार इकाई बाढ़ सुरक्षात्मक बल के अध्यक्ष एवं अधीक्षण अभियंता विनय कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता कन्हैया प्रसाद, सहायक अभियंता धनंजय कुमार, कनीय अभियंता अमरनाथ के नेतृत्व में एक वरीय दल ने स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि और ग्रामीणों के मौजूदगी में आवश्यक कार्य हेतु जायजा लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। साथ ही संबंधित विभाग को सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश देते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों के घरों और जमीन की सुरक्षा हेतु ठोस रूप से सुरक्षात्मक कार्य किया जाएगा। विदित हो कि डीएम ने भी बीते दिनों इस प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया था।

पार्षद प्रतिनिधि मासूम रेजा ने बताया कि दशकों से दर्जनों आवास नदी ने खुद में समाहित कर लिया है। उन्होंने बताया कि दैनिक भास्कर ने भी इस समस्या को लगातार प्रकाशित कर प्रशासन को जगाने का कार्य किया है। उसी का परिणाम है कि आज टीम पहुंचकर ठोस कार्य किये जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी हेलो वार्ड अभियान अंतर्गत जल संसाधन विभाग का ध्यान आकृष्ट करवाया गया था। जिसके परिणाम स्वरूप कुछ सुरक्षा हेतु कार्य किया गया इंतजाम असफल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आज बाढ़ नियंत्रण विभाग के दौरे से एक उम्मीद जगी है के जल्द ही हमारा इलाका बाढ़ की तबाही से सुरक्षित हो जाएगा।