कटिहार के बरंडी नदी में एक नाव पलट गई है। छोटी सी नाव पर क्षमता से अधिक सात महिलाएं सवार थीं। नदी पार करने के दौरान नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से छह महिलाओं को बाहर निकाला गया। लेकिन एक महिला अब भी लापता है। स्थानीय गोताखोर नाविकों के साथ मिलकर लापता महिला की तलाश में जुटे हैं।
घटना बरारी थाना क्षेत्र के गुरमेला पंचायत धोबिया पुल घाट की है। बरारी में 4 दिनों बाद यह दूसरा नाव हादसा है। 4 दिन पहले गुरुवार को भी नाव हादसे में 2 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल घटनास्थल पर सीओ ललन कुमार मंडल और बरारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार पहुंचकर तफ्तीश में जुटे हुए हैं। खबर सुनकर घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई है।
महिलाओं ने लगाई आवाज तो नदी किनारे बैठे लोगों ने लगाई छलांग
गुरुमेला पंचायत के सीज टोला वार्ड संख्या 1 से संध्या साढ़े तीन बजे नाव पर सवार होकर सात महिलाए फुटानी हाट बाजार करने जा रही थी। इसी दौरान नाव धोबिया घाट के पास पहुंची तो नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पर सवार सभी महिलाएं पानी में डूब गईं। डूबती महिलाओं ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई तो नदी किनारे स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर 6 महिलाओं को पानी से बाहर निकाला। एक महिला का कोई पता नहीं चल पाया।
लापता महिला की पहचान विशंभर महालदार की 35 साल की पत्नी खुशबू देवी के रूप में की गई है। महिला के दो बच्चे हैं और पति मजदूरी करके गुजर-बसर करता है। ग्राम रक्षा दल के प्रखंड अध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि खुशबू देवी को लेकर लगातार गोताखोरों के द्वारा खोजबीन जारी है।
एक महिला का चल रहा इलाज
इस नाव हादसे में जानकी देवी, मखनी देवी, सबिता देवी, सुनीता देवी, लच्छिया कूमारी एवं अंजली कुमारी को स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी से बाहर निकाल लिया गया है। अंजली कुमारी को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटना के संदर्भ में जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने कहा कि जल्द ही संबंधित क्षेत्र में लोगों के आवागमन के लिए सरकारी नाव की व्यवस्था की जाएगी। अपील की है कि आवागमन करने वाले लोग सरकारी नौका का प्रयोग करें।
बीते गुरुवार को भी ठीक इसी तरह का हादसा बरारी के बकिया सुखाय दियारा क्षेत्र में हुआ था। इसमें दो लोगों की जानें गई थीं। उसके बाद भी जिला प्रशासन एवं नदी पार करने वालों की आंखें नहीं खुली है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.