दो दिन खुशगवार रहने के बाद रविवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से बादल घिरे रहे एवं दिन में तीन बार थोड़ी बूंदा बांदी भी हुई। धूप नहीं खिलने से अधिकतम तापमान में गिरावट हुई और यह शनिवार के मुकाबले चार डिग्री सेल्सियस लुढक कर 19 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। मौसम विभाग ने दो दिन तक मौसम खराब रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। साथ ही अपने पूर्वानुमान में इसके बाद ठंढ बढ़ने का अंदेशा जताया है। रविवार को दिन में अधिकतम छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरबा हवा चली। कल भी मौसम साफ होने की उम्मीद नहीं है। पूर्णिया मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल का दबाव बढ़ रहा है। जिस कारण बादल घिर रहे हैं। हवा के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। 25 से आसमान साफ होने का पूर्वानुमान है। 26 से धूप खिलेगी एवं फिर घना कोहरा छाएगा। इसके बाद ठंढ में भी बढ़ोतरी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही ठंढी हवाओं का असर देखा जा रहा है। सतह से 0.9 किमी किलोमीटर पर चार से छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इन्हीं मौसमी कारकों के प्रभाव से आसमान में निम्न दर्जे के बादल आ रहे हैं। अगले 24 घंटे में जिले में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम का बाजारों पर भी रहा बुरा असर
बादल घिरने और हल्की बूंदाबांदी के कारण रविवार को बाजार अपेक्षाकृत सूने नजर आए। लोग दिन में भी गर्म कपड़ों में लिपटे रहे एवं दिन में भी कहीं-कहीं लोगों को अलाव तापते देखा गया। रविवार हाेने के कारण पूर्व से ही बंद बाजारों में दिन भर सूनापन रहा। दिन में सड़कों पर आवागमन अन्य दिनों की तुलना में कम नजर आया और लोग जरुरी कार्यों से ही घर से बाहर निकले। गर्म कपड़ों और चाय की दुकानों पर भीड़ नजर आई।
ठंड के कारण पशुपालक हो रहे परेशान
ठंढ़ और हल्की बारिश का फसलों पर अभी कोई असर नजर नहीं आ रहा पर पशुपालकों की परेशानी बढ़ गई है। अभी सब्जियों सहित दलहन की फसलों पर ठंढ का कोई खास असर नहीं है, लेकिन पशुपालकों को इस ठंढ और बारिश से परेशानी बढ़ गई है। उन्हें समुचित चारा देने और सुरक्षित रखने के लिए पशुपालकों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
25 से साफ होगा मौसम
पूर्णिया मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक सहायक राकेश कुमार के अनुसार अभी 24 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। 25 जनवरी को मौसम साफ हाेने लगेगा। 26 जनवरी से धूप खिलने का पूर्वानुमान है। उसके बाद कोहरा और ठंढ भी बढ़ेगी इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.