जल जीवन हरियाली अभियान:जीविका दीदियों की पांच नर्सरी से खरीदे एक लाख पौधे, आठ लाख हुई आमदनी

किशनगंज2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गाछपारा पंचायत के नयाटोला में जीविका दीदियों को पौधे देते डीडीसी व अन्य। - Dainik Bhaskar
गाछपारा पंचायत के नयाटोला में जीविका दीदियों को पौधे देते डीडीसी व अन्य।

जिले में जीविका के माध्यम से तीन लाख पौधे लगाए जाएंगे। जीविका दीदियां ये पौधे लगाएंगी। इस अभियान के लिए एक लाख पौधा भी जीविका दीदियों के पांच नर्सरी से खरीदा गया है। जिले में इस वर्ष जल जीवन हरियाली अभियान के तहत ये पौधे लगाए जाएंगे।

डीडीसी मनन राम ने सदर प्रखंड के गाछपाड़ा पंचायत के नया टोला में बुधवार को पौधरोपण कर इसकी शुरुआत की। इस अभियान के तहत जिला की दो लाख से अधिक जीविका दीदियों को जीविका और वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के माध्यम से मुफ्त में पौधे दिए जाएंगे। सातों प्रखंड अंतर्गत 17 हजार से अधिक जीविका, स्वयं सहायता समूह के माध्यम से यह पौधरोपण का कार्य किया जाएगा। जिसमें जीविका दीदियों को उनकी इच्छा अनुसार आम, लीची, अमरूद, आंवला, कटहल, कदम, महोगनी इत्यादि के पौधे दिए जाएंगे। दीदियों को इसके लिए गड्ढा खोदने, पौधे की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने, नियमित सिंचाई इत्यादि का प्रशिक्षण भी दिया गया है। ताकि लगाए गए पौधे अधिक से अधिक संख्या में सुरक्षित रह सके। इस अभियान के लिए लगभग एक लाख पौधा जीविका दीदी की पांच नर्सरी से खरीदा गया है। वन विभाग ने यह पौधा 11 रुपए की दर से खरीदा है। इससे दीदियों को ग्यारह लाख रुपए प्राप्त होंगे।

जिसमें दीदियों को लागत और श्रम को छोड़कर लगभग आठ लाख रुपए की कमाई होगी। जीविका ने इस अभियान के तहत हरित जीविका, हरित बिहार का नारा दिया है। इस अभियान का लक्ष्य प्रदेश के हरित आवरण को बढ़ाना है। जीविका के प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि किशनगंज जिला में जीविका के माध्यम से तीन लाख पौधरोपण का सूक्ष्म नियोजन कर लिया गया है।

सातों प्रखंड में ससमय इस कार्य को करने के लिए जीविका दीदियों को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गाछपाड़ा में पौधरोपण कार्यक्रम जीविका सदर प्रखंड कार्यालय द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. परवेज़ आलम, प्रखंड जीविका परियोजना प्रबंधक मो. शमशेर आलम, कैलाश , क्षेत्रीय समन्वयक सुप्रिया आदि उपस्थित थी।

खबरें और भी हैं...