भागलपुर के सबसे चर्चित मुद्दों में एक भोलानाथ पुल का कायाकल्प होने की उम्मीद जगी है। कांग्रेस विधानमंडल के नेता व भागलपुर विधायक अजीत शर्मा ने एक बार फिर सदन में भोलानाथ पुल के जीर्णोद्धार के लिए आवाज उठाई है। विधायक अजीत शर्मा की मानें तो अब कुछ ही माह बाद इस पुल की दशा और दिशा बदलने वाली है। विधायक ने बताया कि उम्मीद है 3 से 4 महीने में इसका टेंडर हो जाएगा और शहर वालों को इस जलजमाव की परेशानी से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को अब परेशानी नहीं होगी। बहुत जल्द ही इसका जीर्णोद्धार होगा।
जीर्णोद्धार से 2 लाख की आबादी को मिलेगी आवागमन की सुविधा
बहुप्रतिक्षित भोलानाथ पुल का जीर्णोद्धार अगर हो जाता है तो इससे 2 लाख की शहरी आबादी को आवागमन की सुविधा मिलेगी। शहर के दक्षिणी क्षेत्र को जाम के झाम और जलजमाव से मुक्ति मिल जाएगी। विदित हो कि 12 साल पूर्व सरकार फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई थी। वर्ष 2011 तक इसका निर्माण पूरा होना था। पर अबतक यह महज चुनावी मुद्दा ही बनकर रह गया।
बरसात के दिनों में बाधित हो जाता है यातायात
बरसात में चार माह भोलानाथ पुल के नीचे जलजमाव होने से आवागमन बाधित हो जाता है। घंटों जाम की समस्या रहती है। शहर के मोहद्दीनगर, मिरजानहाट, क्लबगंज, बबरगंज, सिकंदरपुर, शिवपुरी कॉलोनी, इशाकचक, लालूचक, एलआइसी कॉलोनी, बबरगंज समेत दक्षिणी क्षेत्र के कई इलाकों के दो लाख से अधिक आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भोलानाथ पुल के ऊपर फ्लाईओवर बन जाने से लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। जाम की समस्या का भी समाधान हो जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.