सहरसा में बैखौफ अपराधियों ने लूट में असफल होने पर मक्का व्यवसायी को गोली मार दी। घटना बिहरा थाना क्षेत्र के मनहरा पूल के समीप की है। गोलीबारी में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। दरअसल, पूरा घटनाक्रम बिहरा थाना क्षेत्र के मनहरा पूल के पास की है, जब पुरीख पंचायत के मनहरा गांव वार्ड नं 1के निवासी रामप्रवेश यादव और विजय यादव सुपौल के परसरमा से मक्का व्यापारी से 20 हजार रुपए लेकर वापस अपने गांव बाइक से लौट रहा था। उसी समय एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पीछा कर रुपए छीनने की कोशिश की। असफल रहने पर गोली मारा, जिसमें एक गोली रामप्रवेश यादव के बांह में तो दूसरी गोली विजय यादव के अंगुली में लगी। इसके बाद दोनों को तत्काल सदर अस्पताल सहरसा लाया गया, जहां दोनो का इलाज चल रहा है।
वहीं, बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला पूर्व के विवाद में की गई गोलीबारी का लगता है। हालांकि, पुलिस जख्मी युवकों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त कर हर एक बिन्दु पर गहन जांच कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.