पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
बिस्कोमान कृषक सेवा केंद्र राघोपुर के दो-दो तत्कालीन प्रभारी समेत 8 कर्मियों द्वारा 9 लाख 58 हजार 613 रुपए गबन का मामला एक साल बाद प्रकाश में आया है। पुलिस ने एफआईआर के बाद मामले को एक साल तक दबाए रखा। दरअसल राघोपुर थाना में चार दिसंबर 2019 को बिस्कोमान के आरओ (रेंज ऑफिसर) ने एफआईआर-260/19 दर्ज कराई थी। राघोपुर में जिन लोगों पर एक साल पहले एफआईआर दर्ज की गई थी, उनमें इससे पहले बिस्कोमान से ही जुड़े मामले में त्रिवेणीगंज में 10 अगस्त 2019 को गिरफ्तार संजय कुमार समेत 8 अभियुक्त शामिल हैं। त्रिवेणीगंज में 3.12 करोड़ गबन के आरोप में 19 जून 2019 को एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें संजय कुमार समेत 3 अभियुक्त हैं। हालांकि संजय को छोड़कर किसी की गिरफ्तार नहीं हुई है। राघोपुर थाने में दर्ज केस के अनुसंधानकर्ता एसआई बिन्देश्वर राम ने बताया कि मामले में आरोपी संजय जेल में है, अन्य सात आरोपी फरार हैं। एक आरोपी बलदेव राम से कहीं से नंबर मिला तो उनसे मोबाइल पर बात हुई थी, पता चला कि वह सेवानिवृत्त कर गए हैं। बिस्कोमान बड़ी कंपनी है। हमलोग कंपनी के सामने कीड़े-मकोड़े हैं। बड़े-बड़े कई गबन के मामले हैं। इस खबर में क्या छापियेगा, छोड़ दीजिए...अभी अनुसंधान जारी है। गौरतलब है कि सुपौल में बिस्कोमान की राशि गबन को लेकर त्रिवेणीगंज, पिपरा व राघोपुर थाना में अलग-अलग मामला दर्ज है। राघोपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला नहीं है।
कृषक सेवा केंद्र राघोपुर से ~ 2.6 लाख व 7.52 लाख का हुआ था गबन
राघोपुर में 2640 बोरी यूरिया की बिक्री कर संबंधित राशि गबन को लेकर वित्तीय वर्ष 2016-17, 2017-18 व 2018-19 के ऑडिट में मिला था कि कृषक सेवा केंद्र राघोपुर से तत्कालीन प्रभारी बलदेव राम द्वारा 2.6 लाख व तत्कालीन प्रभारी गणेश कुमार द्वारा 7.52 लाख का गबन किया गया। इसे लेकर क्षेत्रीय पदाधिकारी बिस्कोमान सुपौल के कमलजीत यादव ने राघोपुर थाने में आवेदन देकर तत्कालीन प्रभारी बलदेव राम, गणेश कुमार, संजय कुमार, सहायक गोदाम प्रबंधक उदय कुमार, सेल्समैन आश नारायण मेहता, कनीय क्षेत्र प्रतिनिधि सत्यरूप सत्या, मुख्य क्षेत्रीय पदाधिकारी राजेन्द्र यादव व परिवहनकर्ता प्रतिनिधि नथनेस्वर सिंह उर्फ नाथो सिंह के खिलाफ राघोपुर थाने में मामला दर्ज कराया था।
64.72 लाख रुपए गबन का पिपरा थाने में भी दर्ज है केस
राघोपुर थाने में 4 दिसंबर 2019 को 9 लाख 58 हजार गबन को लेकर केस दर्ज हुआ था। इससे पहले त्रिवेणीगंज थाने में दर्ज कांड-173/19 के आलोक में मुख्य अभियुक्त संजय कुमार की गिरफ्तारी 10 अगस्त 2019 को हुई थी। त्रिवेणीगंज में बिस्कोमान के वरीय क्षेत्र पदाधिकारी पूर्णिया पीएन सिंह ने केस दर्ज कराया था। इसमें कनीय क्षेत्र प्रतिनिधि इफको मधेपुरा के सत्यरूप सत्या, मुख्य क्षेत्र प्रतिनिधि पूर्णिया राजेंद्र यादव व ट्रांसपोर्टर नाथों सिंह की संलिप्तता पाई गई थी। पिपरा थाने में बिस्कोमान के 64 लाख 72 हजार 528 रुपए गबन को लेकर 5 फरवरी 2020 को कांड संख्या-45/20 दर्ज है। इसमें मुख्य अभियुक्त नितिन किशोर भारती, संजय कुमार समेत 5 नामजद हैं। इसमें भी मुख्य अभियुक्त सहित अन्य की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
त्रिवेणीगंज : मुख्य आरोपी संजय के अलावा कोई गिरफ्तार नहीं
सुपौल में बिस्कोमान की राशि गबन को लेकर त्रिवेणीगंज, पिपरा और राघोपुर थाना में अलग-अलग मामला दर्ज है। त्रिवेणीगंज मामले में मुख्य अभियुक्त संजय कुमार के अलावे अन्य की किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। राघोपुर कांड में भी संजय की संलिप्तता है। तत्कालीन प्रभारी गणेश कुमार की ओर से विभाग में कुछ राशि रिकवरी की गई है। इसके अलावे राघोपुर के तत्कालीन प्रभारी बलदेव राम पर 2 लाख 6 हजार 471 रुपए गबन का आरोप हैं, जो एक साल पहले रिटायर्ड हो चुके हैं।
- कमलजीत कुमार यादव, तत्कालीन आरओ बिस्कोमान, सुपौल (फिलहाल कमलजीत सिवान में पोस्टेड हैं, इन्होंने दर्ज कराया था केस।)
अब तक 4 लाख रुपए की रिकवरी
राघोपुर मामले में केस दर्ज होने के बाद वहां के तत्कालीन प्रभारी गणेश कुमार द्वारा लगभग 4 लाख रुपए रिकवरी की गई है। शेष राशि की रिकवरी के लिए पहल की जा रही है। त्रिवेणीगंज के मुख्य अभियुक्त संजय की गिरफ्तारी राघोपुर केस से पहले हो चुकी है। अन्य की गिरफ्तारी के बारे में सूचना नहीं है।
- आनंद कुमार, प्रभारी आरओ बिस्कोमान सुपौल
पॉजिटिव- आज आपकी प्रतिभा और व्यक्तित्व खुलकर लोगों के सामने आएंगे और आप अपने कार्यों को बेहतरीन तरीके से संपन्न करेंगे। आपके विरोधी आपके समक्ष टिक नहीं पाएंगे। समाज में भी मान-सम्मान बना रहेगा। नेग...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.