आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत बीबीगंज पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की देर रात एक बेलगाम कार ने गश्ती के दौरान पूछताछ कर रहे एक एसआई व होमगार्ड समेत 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। जबकि गश्ती में रहे एक एसआई व होमगार्ड समेत पांच लोग जख्मी हो गए।
घायलाें में प्राथमिक उपचार करने के बाद एक की हालत को चिंताजनक देते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। वही जख्मियों में एसआई व होमगार्ड समेत चार लोगों का आरा सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। मृतक होमगार्ड जवान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत मैनपुर गांव निवासी स्व.रामदेव साह के 58 वर्षीय पुत्र भगवान साह है। वह बिहार पुलिस में होमगार्ड जवान थे एवं करीब डेढ़ वर्ष से गजराजगंज ओपी में होमगार्ड जवान के रूप में कार्यरत थे।
इससे पहले वह मुफस्सिल थाना में होमगार्ड जवान के रूप में पदस्थापित थे। जबकि जख्मियो में गजराजगंज ओपी की गश्ती टीम में शामिल पुलिसकर्मियो में एसआई आदिति कुमारी, दो होमगार्ड जवान शिव कुमार उपाध्याय,बालेश्वर सिंह,चालक विनय कुमार एवं दूसरे गाड़ी पर सवार बिहिया थाना क्षेत्र के कुंवरदाह गांव निवासी सुरेश सिंह का पुत्र मनीष कुमार सिंह शामिल है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मनीष कुमार सिंह अपने परिवार के पांच अन्य सदस्यों के साथ अपने गांव से बड़हरा थाना क्षेत्र के बखोरापुर गांव शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
जब वह शादी समारोह से बुधवार की देर रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। वहीं गजराजगंज ओपी की गश्ती पुलिस बीबीगंज पेट्रोल पंप के समीप अपनी गाड़ी को खड़ा करके सड़क पर खड़ी थी। इसी दरमियान गजराजगंज गश्ती पुलिस ने मनीष कुमार की कार को रोका। इसके बाद मनीष कुमार कार से बाहर निकले और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक बेलगाम कार ने उन्हें रौंद दिया। इससे होमगार्ड जवान भगवान साह एवं मनीष कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
जबकि गजराजगंज ओपी पुलिस में गश्ती के दौरान तैनात एसआई आदिति कुमारी,दो होमगार्ड जवान शिव कुमार उपाध्याय,बालेश्वर सिंह,चालक विनय कुमार मामूली रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद गंभीर हालत में होमगार्ड जवान भगवान साह व दूसरे कार पर सवार मनीष कुमार सिंह को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान होमगार्ड जवान भगवान साह ने सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दम तोड़ दिया। वहीं प्राथमिक उपचार करने के बाद मनीष कुमार सिंह की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।
जबकि एएसआई समेत चार लोगों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। वहीं इस मामले में गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंदन कुमार ने बताया कि गश्ती के दौरान जब पुलिस मनीष कुमार की कार को रोककर उनसे पूछताछ कर रही थी। उसी दौरान एक बेलगाम कार ने उन्हें रौंद दिया। जिसमें होमगार्ड जवान भगवान साह की मौत हो गई। जबकि एक एसआई समेत चार पांच लोग जख्मी गए। उन्होंने बताया कि वही भागने के क्रम में उक्त कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जबकि चालक फरार हो गया।
पुलिस द्वारा उक्त कार को जब्त कर थाना लाया गया और छानबीन कर रही है। वही दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु आरा सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। छानबीन के बाद उक्त करवाई की जाएगी और दूसरे कार पर सवार जो व्यक्ति से पुलिस पूछताछ की जा रही थी। वह भी जख्मी है और वह पटना रेफर है। उसकी तबीयत ठीक हो जाएगी तो उनसे भी पूछताछ की जाएगी के आखिर घटना कैसे हुई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.