टाउन थाना क्षेत्र के महादेवा मोहल्ले में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या के बाद पुलिस उसके पति, सास व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही हैं। आरोपी अभी तक पुलिस की जद के बाहर है। घटना गुरुवार की सुबह हुई थी। आरोपियों पर साक्ष्य मिटाने के लिए शव गायब कर दिये जाने का भी आरोप है। मृत 26 वर्षीया पत्नी नेहा गुप्ता उर्फ निधि, महादेवा मोहल्ला निवासी कंप्यूटर कोचिंग संचालक विकास गुप्ता की पत्नी थी।
नेहा की मामी पल्लवी की ओर से टाउन थाने में आवेदन दिया गया है। आवेदन में नेहा के पति और सास सहित चार लोगों पर दहेज में चारपहिया गाड़ी के लिए हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा कि बेगूसराय जिले के तेघरा की रहने नेहा की शादी एक दिसंबर 2021 को महादेवा निवासी विकास गुप्ता के साथ हुई थी। शादी के महज छह माह बाद ही उसकी हत्या कर दी गयी। इकलौता भाई विशाल की ओर से पुलिस को हत्या की सूचना दी गयी। इस आधार पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की। लेकिन पुलिस को नेहा का शव नहीं मिल सका। पुलिस मामले की छानबीन और आरोपितों की धर-पकड़ में जुटी है। टाउन थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन मिला है। दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.