थाना क्षेत्र के महुआंव गांव के तुलसी डेरा में बुधवार को जमीन के विवाद में फायरिंग हो गई। जिसमें छर्रा लगने से 2 सगे भाई जख्मी हो गए। फायरिंग के बाद अपरा-तफरी मच गई। घायलों में तुलसी डेरा निवासी राजकुमार सिंह के पुत्र बबलू कुमार यादव व मनोज कुमार सिंह को इलाज के लिए आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां प्राइमरी इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया। जख्मी मनोज कुमार सिंह को सिर और गले में और बबलू कुमार यादव के सिर में छर्रा लगने की बात बतायी जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर घायलों के पिता राजकुमार सिंह के बयान पर आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दर्ज केस के आधार पर तुलसी डेरा निवासी मनजी यादव, नंद यादव, भीम यादव, ललन सिंह व संतोष यादव को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि महुआंव गांव के तुलसी डेरा में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है।
तीन दिन पहले भी झड़प होने के बाद पंचायती हुई थी। बुधवार को फिर विवाद शुरू हो गया और एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.