भोजपुर के बिहियां थाना क्षेत्र के बिहिया-तीयर के मुख्य मार्ग पर जज भड़सरा गांव स्थित लोहे के पुल के पास बुधवार को अनियंत्रित होकर एक बाइक पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा उसका चचेरा भाई जख्मी हो गया। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं जख्मी उसके चचेरे भाई का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के संगम टोला गांव निवासी राम निवास सिंह का 20 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार है। जबकि जख्मी उसी गांव के निवासी स्व. चंद्रशेखर सिंह का 20 वर्षीय पुत्र व उसका चचेरा भाई दिनेश कुमार है। इधर मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम दोनों बाइक पर सवार होकर स्थानीय थाना क्षेत्र के उल्लास टोला अपनी बुआ की लड़की के शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
जब वह देर रात बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इस बीच जज भड़सरा गांव स्थित लोहे के पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही कार ने उन्हें चकमा दे दिया। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था तभी राजीव कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन दोनो को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया।
जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस आरा सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। घटना के बाद में सबके घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.