- Hindi News
- Local
- Bihar
- Darbhanga
- Darbhanga Fire Accident | Massive Blaze Destroys Shops Homes & Injures People
दरभंगा में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं:करीब 34 लाख के नुकसान की आशंका, 3 दुकानें और घर जलकर बर्बाद; 6 लोग घायल
- कॉपी लिंक

छठ महापर्व के समापन के बाद सोमवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में आग ने जमकर तबाही मचाई। बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिचन्दा गांव में भीषण अगलगी में मोबाइल दुकान, ई-रिक्शा एजेंसी सह हीरो पार्ट्स की दुकान सहित पूरा घर जलकर राख हो गया। इस घटना में छह लोग घा
दूसरी ओर कुशेश्वरस्थान बाजार में आग लगने से दो फर्नीचर और एक मोबाइल दुकान जलकर राख हो गई। यहां दमकल वाहन पर पथराव किए जाने से दो आपदा मित्र और अग्निशमन विभाग के कर्मी घायल हो गए।
वहीं, केवटी थाना क्षेत्र के गुढ़ियारी टोला में आग लगने से दो भैंस झुलस गईं, जबकि एक भैंस का बच्चा और एक बकरी की मौत हो गई। पशुओं को बचाने में एक युवक भी झुलसकर घायल हो गया।

बिशनपुर में आग से घर, दुकान और शादी का सामान जलकर राख
बिशनपुर थाना क्षेत्र के हरिचन्दा गांव में सोमवार को आग लगने से जगदीश शाह का घर और उससे जुड़ी व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी हीरो पार्ट्स की दुकान में रखा सामान भी आ गया। आग इतनी भयावह थी कि घर और दुकान का कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बच सका।
इस घटना में जगदीश शाह, सर्वोपरि देवी, नंदन शाह, रमेश शाह, चांदनी देवी और अनुष्का कुमारी सहित छह लोग घायल हुए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें रमेश शाह आग से बचने के लिए छत से नीचे कूद गए, जिससे उनका पैर टूट गया। वहीं, जगदीश शाह के पैर में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों को भी आग की चपेट में आने से चोटें आई हैं।
पीड़ित जगदीश शाह ने अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी को आवेदन देकर बताया है कि सोमवार को घर में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। इसकी सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना पर तीन अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जगदीश शाह के अनुसार, आग में घर में रखे सात लाख रुपये नकद, करीब 50 ग्राम सोना, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर और घरेलू उपयोग के अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। मोबाइल मिल, ई-रिक्शा एजेंसी और हीरो पार्ट्स की दुकान का सामान भी पूरी तरह जल गया। उन्होंने कुल करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का दावा किया है। हालांकि, अगलगी में आसपास के घरों को नुकसान नहीं पहुंचा।

30 नवंबर को बेटे की शादी, घर में रखे सामान भी आग की भेंट चढ़े
इस अगलगी ने जगदीश शाह के परिवार की खुशियों को भी छीन लिया। आगामी 30 नवंबर को उनके बेटे हीरालाल शाह की शादी होनी थी। शादी की तैयारी को लेकर परिवार ने खरीदारी कर घर में सामान इकट्ठा कर रखा था। कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य शादी से संबंधित सामान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी, वहां अब जले हुए सामान और मलबे के अलावा कुछ नहीं बचा है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुशेश्वरस्थान में तीन दुकानें जलकर राख, दमकल वाहन पर पथराव
इधर, छठ महापर्व के समापन के बाद कुशेश्वरस्थान बाजार के बस स्टैंड के पास सोमवार को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें दो फर्नीचर की दुकानें और एक मोबाइल दुकान शामिल हैं। दुकानों में रखा फर्नीचर, मोबाइल और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आग लगने के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को दी गई। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना देकर दमकल वाहन बुलाया।
हालांकि, दमकल वाहन के घटनास्थल पर पहुंचते ही कुछ लोग उग्र हो गए और वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो आपदा मित्र और अग्निशमन विभाग के कर्मी घायल हो गए। पथराव के कारण आग बुझाने और राहत कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है।
केवटी में पशुशाला में लगी आग, दो भैंस झुलसीं, एक बछड़ा और बकरी की मौत तीसरी घटना केवटी थाना क्षेत्र की दिधियार पंचायत के गुढ़ियारी टोला की है। यहां हरेंद्र पासवान के पशुओं के रहने वाले घर में सोमवार को अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से दो भैंस बुरी तरह झुलस गईं। वहीं, एक भैंस के बच्चे और एक बकरी की जलने से मौत हो गई। पशुओं को बचाने के लिए पहुंचे सुरेंद्र पासवान के पुत्र ललित कुमार पासवान भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने केवटी अंचलाधिकारी से अगलगी में हुई क्षति का आकलन कर जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

तीनों घटनाओं में लाखों का नुकसान, क्षति आकलन की जरूरत सोमवार को जिले में हुई इन तीन अगलगी की घटनाओं ने कई परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। बिशनपुर में घर और कारोबार दोनों तबाह हो गए, तो कुशेश्वरस्थान में दुकानदारों की आजीविका प्रभावित हुई। केवटी में पशुधन की क्षति के साथ एक युवक भी घायल हुआ है। अगलगी के कारणों और वास्तविक नुकसान का आधिकारिक आकलन किया जाना बाकी है।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















