अनुकूल मौसमीय वातावरण के कारण इस वर्ष मानसून के अपने निर्धारित समय 13-14 जून को राज्य में आने की संभावना है। बीते वर्ष भी जिला में 12 जून की शाम मानसून की पहली बारिश हुई थी। जिसके बाद मानसून अपने सामान्य बारिश 1230 एमएम से 620 एमएम ज्यादा होकर 1850 एमएम बारिश हुई थी। जिससे जिला में बाढ़ की भयावह स्थिति बनी थी। बताया गया कि इस बार भी सामान्य परिस्थिति रहने के कारण मानसून में सामान्य से 400 एमएम तक ज्यादा बारिश होने की संभावना है। वहीं जिला में बाढ़ आने की भी संभावना रहेगी।
जबकि मानसून के सामान्य रूप में 100 दिनों तक अच्छी स्थिति में रहने की उम्मीद है। बताया गया कि मानसून में अच्छी बारिश होने से जहां नदियों में अच्छा जल प्रवाह रहेगा वहीं भू-जलस्तर अच्छा होने से खेती व पेय जलस्राेत आसानी से उपलब्ध हो पाएगा। वहीं, बताया गया कि आगामी 24 घंटे में उत्तर बिहार के जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस बारिश को मानसून पूर्व की बारिश बताया जा रहा है।
अच्छी बारिश हाेने से शहर में जलजमाव की भी बनेगी समस्या
मानसून के बेहतर होने से अच्छी बारिश की संभावना के बीच शहर में जलजमाव की समस्या भी आएगी। बताया गया कि बीते वर्ष 4-5 माह तक लोगों को जलजमाव में रहना पड़ा था। इस वर्ष लोग पूर्व तैयारी में लगे हैं। प्रशासन बेहतर स्थिति का दावा कर रहे हैं।
^इस वर्ष मानसून पूर्व वर्ष की तरह समय पर 13-14 जून तक आ जाएगा। वहीं सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। इस बार 400 एमएम तक ज्यादा बारिश हो सकती है। धान की फसल के साथ ही भू-गर्भीय जल व नदियों में जल प्रवाह अच्छा होगा। -डॉ. अब्दुस सत्तार, मौसम वैज्ञानिक, डीआरपीसीएयू, पूसा
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.