गया में अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते-करते 9वीं में पढ़ने वाला 15 साल का एक स्टूडेंट फांसी के फंदे पर झूल गया। मृतक छात्र का नाम विवेक है। वह मूल रूप से औरंगाबाद का रहने वाला था और गया में किराए के मकान में रहता था। घटना बीती रात 12:15 बजे गया के अनुग्रह पुरी कॉलोनी स्थित मुस्तफाबाद मोहल्ले की है। फांसी लगाने वाला छात्र 9वीं का स्टूडेंट था, जबकि जिस लड़की से वह वीडियो कॉल पर बात कर रहा था, वह 8वीं में पढ़ती है। दोनों सेकेंडरी दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे।
जानकारी मिली तो दौड़े आये परिजन
विवेक के फांसी पर झूलने वाली बात उसी लड़की ने कॉल कर रत्नेश नाम के लड़के को बतायी। रत्नेश, विवेक का चचेरा भाई है और साथ ही रहता था। रत्नेश ने फिर देर रात को ही कॉल कर विवेक के पिता विकास साह को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही लड़के के परिवार वाले गया पहुंचे और पुलिस को खबर दी। रामपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेज दिया। पिता के बयान के आधार पर लड़की के परिजनों और लड़की पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
3 दिन पहले घर गया था रत्नेश
रत्नेश, विवेक के साथ ही रहता था लेकिन वह तीन दिन पहले औरंगाबाद स्थित घर आ गया था। बीते 12 जनवरी को दोनों ने साथ में ही खाना खाया था। विवेक की गर्लफ्रेंड ने जब उसे कॉल किया तो कहा कि उसने विवेक के स्कूल के दोस्त से नंबर लिया है। तुम्हारे भाई ने फांसी लगा लिया है। रत्नेश से इसकी जानकारी मिलते ही परिजन गया के लिए निकले।
गमछे को छत के हुक से बांध लगा ली फांसी
विवेक के पिता देर रात जब गया स्थित उसके कमरे पर पहुंचे तो देखा कि वहां पहले से ही काफी लोग (सगे संबंधी) जमा हैं। रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो विवेक छत के हुक से गमछे को बांध कर उससे फांसी लगा लिया था। पिता ने सुबह 2:30 बजे पूरे मामले की लिखित जानकारी रामपुर थाना को दी। पिता का लड़की पर आरोप है कि उसने वीडियो कॉल कर उसके बेटे को उकसाया और उसने सुसाइड कर लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.