गया के आमस प्रखंड के कथक बिगहा की आंगनबाड़ी सेविका की उसके पति द्वारा ही हत्या किए जाने का मामला सामने आ रहा है। जबकि, उसके पति का कहना है कि उसकी बीबी ने खुद ही सुसाइड की है। संबंधित मामले में मृतका के भाई पवन कुमार ने अपने बहनोई के खिलाफ बहन की हत्या गला दबा कर किए जाने का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक के पति यमुना चौधरी का कहना है कि उसकी पत्नी सोनी कुमारी बीते तीन माह से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। उसे किसी तरह घर में देख रेख कर रखा जा रहा था। सोमवार की दोपहर उसने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगा कर आत्म हत्या कर ली। वहीं, मृतका के भाई पवन कुमार का कहना है कि उसकी बहन की हत्या उसके पति ने ही गला दबा कर की है। बीते कुछ समय से उसका बहनोई बहन को प्रताड़ित कर रहा था। इससे वह बहुत दुखी चल रही थी।
इस बात की जानकारी बहन ने अपने मायके वालों को भी दी थी। हालांकि, बहनोई यमुना को समझाने की बहुत कोशिश की पर परिणाम बेहतर नहीं निकला। उसने आखिर कार बहन की हत्या कर ही दी। इधर, आमस पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। उसे पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतका के भाई का आवेदन ले लिया गया है। उसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.