गया जिले के टनकुप्पा थानाध्यक्ष अजय कुमार को डीजे की धुन पर मूर्ति विसर्जन करने गए युवकों की भीड़ में से किसी ने गोली मार दी। उनकी जांघ में दो गोली लगी हैं। वह जमीन पर गिर पड़े। युवकों की भीड़ के बीच हड़कंप मच गया। सभी फरार हो गए। इस घटना में एक सैप जवान कृष्णदेव शर्मा भी जख्मी हुए हैं। उन्हें सिर पर पत्थर लगा है।
थाना के एसआई शत्रुघ्न पासवान ने बताया कि बरतारा बाजार में माता लक्ष्मी की प्रतिमा बिठाई गई थी। उसी प्रतिमा के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में युवक डीजे के साथ वंशी नदी में मूर्ति विसर्जित करने के लिए निकले थे। वंशी नदी में मूर्ति विसर्जित कर लौटने में शाम हो गई थी और इलाके में अंधेरा पसर गया था। मूर्ति विसर्जित करने के बाद भी युवक डीजे की धुन पर नाचते झूमते लौट रहे थे।
इसी बीच डीजे बजाए जाने की सूचना पर गश्ती में रहे टनकुप्पा थानाध्यक्ष अजय कुमार दलबल के साथ वंशी नदी की ओर पहुंचे। डीजे जब्त करने की कार्रवाई में जुट गए। पुलिस की इस कार्रवाई पर युवकों की भीड़ उग्र हो गई। पुलिस व युवकों के बीच पहले बहस, फिर झड़प हुई। झड़प के बीच ही पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ गया। इतने में युवकों ने पथराव शुरू कर दिया।
पत्थरबाजी के बीच ही युवकों की भीड़ में से किसी ने दो गोली चला दी। दोनों गोलियां एक-एक कर थानाध्यक्ष की बायीं जांघ को भेदती हुई निकल गईं। इसके बाद पुलिसकर्मी थानाध्यक्ष को कवर कर उन्हें बचाने व अस्पताल ले जाने में जुट गए। थानाध्यक्ष को टनकुप्पा सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.