गोपालगंज में एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी बीमार मां से मिलने के लिए मायके जाना चाहती थी, लेकिन पति नहीं चाहता था कि वो वहां जाए। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ। और फिर उसने पहले पत्नी के साथ मारपीट की फिर उसकी हत्या कर दी। मामला नगर थाना क्षेत्र के तुरकन्हा गांव का है। दंपती का 6 महीने का बच्चा मां के शव के पास रोता रहा। पति ने खुद अपने ससुराल में फोन कर पत्नी की मौत की सूचना दी। और बताया कि 6 महीने के बेटे ने उसे दांत से काट लिया जिससे वो मर गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान साथिया (22) के रूप में की गई। साथिया की शादी 10 जून 2020 को कौशर अली के साथ की गई थी। दरअसल, घटना शनिवार की देर रात हुई। मृतका के भाई समीम अंसारी ने बताया कि पति समेत ससुराल पक्ष द्वारा बहन की हमेशा पिटाई की जाती थी। मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये दहेज में मांगा जा रह था, जो नहीं देने पर बहन की पिटाई होती थी।
इस बीच शनिवार को साथिया ने अपनी बीमार मां से मिलने की इच्छा जाहिर की। लेकिन उसका पति कौशर अली और उसकी मां-बहन ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। सुबह मौत की सूचना दी गई। मृतिका के भाई के अनुसार, जब मायके वाले घर पर पहुंचे तो देखा बेड पर साथिया का शव पड़ा हुआ है और उसका 6 माह का बच्चा रो रहा है। ससुराल के लोग भी आसपास ही जुटे हुए थे। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
वहीं, मृतक़ा की मां सफीना ख़ातून ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने अपनी सास को फोन कर 6 माह के मासूम बेटे पर दांत से काटकर मां की हत्या करने की जानकारी दी। मृतका के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म मिले हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.