जमुई के सिकंदरा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोनन के शिक्षक रंजीत कुमार के पढ़ाने का अंदाज स्टूडेंट्स को भा रहा है। उन्हें पढ़ाता देखकर आपको 2007 में आई आमिर खान की फिल्म 'तारे जमीन पर' में 'रामाशंकर निकुंभ सर' की याद आ जाएगी। वो जैसे अपनी क्लास में बच्चों को मनोरंजक तरीके से पढ़ाते थे। ठीक उसी तरह रंजीत भी बच्चों को पढ़ाते हैं। रंजीत गणित के शिक्षक हैं। वो खेल-खेल में बच्चों को जोड़-घटाव और पहाड़े याद करवाते हैं। गणित का पाठ पढ़ाते हैं। विद्यालय के बच्चे भी उनके पढ़ाने के तरीके से खुश होकर उनकी पढ़ाई बातों को याद रखते हैं।
रंजीत कविता के जरिए बच्चों को गणित पढ़ाते हैं। बच्चों ने बताया कि उन्हें सर के पढ़ाने के अंदाज से चीजें जल्दी समझ आती हैं। खेल-खेल में पढ़ाई होने से स्कूल के बच्चे भी काफी खुश रहते हैं, स्कूल में बच्चों की अटेंडेंस भी पूरी ही रहती है।
संगीत-खेलकूद से बना रहता है बच्चों का उत्साह
रंजीत कुमार ने बताया कि अगर संगीत-खेलकूद जैसी गतिविधि कराकर बच्चों को शिक्षा दी जाए तो वो इसे बोझ नहीं समझते हैं। उनका उत्साह बना रहता है। बच्चा किसी भी चीज को अच्छी तरह से समझ लेता है और सीख लेता है।
स्कूल के बच्चों का कहना है कि रंजीत सर की क्लास बहुत ही मनोरंजक होता है। हम लोग खेल-खेल में पढ़ाई कर लेते हैं। सर की पढ़ाई हुए चीजों को हम लोग जल्दी याद कर लेते हैं। जब वह पढ़ाना शुरू करते हैं तो स्कूल से जाने का मन नहीं करता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.