कैमूर में शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन प्रेमी संग ससुराल से रुपए और गहने लेकर फरार हो गई। गुरुवार को पति सो रहा था, तभी एक बाइक सवार आया और पहले से तैयार बैठी दुल्हन उसके साथ भाग गई।
जिले के सिवों गांव के महेंद्र प्रसाद ने अपने बड़े बेटे अमित कुमार की शादी कर्ज लेकर बड़े धूमधाम से की थी। विवाह रोहतास जिले के करगहर थाना के गांव बक्सरा के अवधेश प्रजापति की बेटी प्रीति कुमारी से हुई। 9 मई को शादी थी और 10 मई को अमित अपनी दुल्हन ब्याह कर अपने गांव से ले आया।
30000 नकद और लाखों के जेवरात लेकर फरार
2 दिनों तक पति पत्नी के बीच का रिश्ता ठीक-ठाक रहा, लेकिन तीसरे दिन 12 मई की दोपहर दुल्हन ने अपने पति को नींद में सुला कर घर में रखें ₹30000 नकद और लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गई। जेवरात में कान की बाली, मांग टीका, नथुनी, मंगलसूत्र पायल और पैजनी थे।
अमित के पिता मनोहर प्रसाद उस दिन काम करने बाहर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी, बेटा, बहू, पिता और मां थे। दादा ने बताया, 'घटना के दिन वह घर के भीतर सामान इधर-उधर कर रही थी। हमें ऐसा लगा अभी नई-नई आई है अपने घर का सामान सहेज रही है। जेहन में यह बात भी नहीं थी कि हम सभी की आंखों में धूल झोंक कर दो दिन पहले आई बहू किसी के साथ फरार हो जाएगी।' लुटेरी दुल्हन के पति अमित ने बताया कि बहू घर के बाहर खड़े बाइक सवार के साथ फरार हो गई।
60 हजार कर्ज लेकर की थी बेटे की शादी
लुटेरी दुल्हन के ससुर ने बताया कि बहू के भागने की बात की जानकारी मिली तो मैं अपने साले को लड़की के गांव बक्सरा भेजा। वे लोग उल्टे मेरे साले को धमकी देने लगे। लिहाजा भयभीत होकर वो लौट आया। उन्होंने बताया कि लड़की के मायके के लोग दुखी नहीं हैं। इधर हम लोगों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं लड़के के पिता ने बताया कि अपने बड़े बेटे की शादी बड़े ही धूमधाम से की थी। इसके लिए ₹60000 कर्ज भी लिया था। पूरे साजों समाज के साथ बहू को लाने के लिए उसके गांव बारात लेकर गया था, लेकिन मैंने जो सपना संजोया था वह पल भर में ही चकनाचूर हो गया। मेरे बेटे की हालत मुझसे देखी नहीं जा रही है। घर में मातम छाया हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.