जिले भर में सड़क दुर्घटना में हुई बढ़ोतरी को लेकर पिछले दिनों डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से आदेश जारी करते हुए सड़क पर मक्का सुखाए वाले किसान को चिन्हित कर पहले नोटिस फिर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। बावजूद इसके फलका प्रखंड क्षेत्र में कोई असर नहीं देखा जा रहा था। खबर छपने के बाद शनिवार को अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार फलका थाना प्रभारी उमेश पासवान व पोठिया ओपी प्रभारी डॉ. सुनील कुमार राय एवं प्रभारी राजस्व अधिकारी आरिफ हुसैन सदलबल के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र के फारबिसगंज कुरसेला एसएच- 77 पर फलका से पोठिया व मिरगंज जाने वाले पथ एवं फलका- कोढ़ा पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क सहित प्रखंड के विभिन्न सड़कों पर सुखाए जा रहे मक्का को हटवाया। जगह-जगह फाेटाे ग्राफी और सड़क पर मक्का सुखाए वाले किसानों का नाम चिन्हित किया गया। प्रशासन ने किसानों को हिदायत दिया है कि अगर कल से सड़क पर मक्का या अन्य अनाज सुखाए दुबारा पकड़े गए तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इन सड़कों पर सुबह से ही सड़क के आधे हिस्से में मक्का किसानों द्वारा मक्का थ्रेसर से तैयार करना व सुखाने की चलन था तथा मक्का के दोनों तरफ करची, लकड़ी व बड़े- बड़े ईट पत्थर लगा दिए जाते थे। ताकि कोई वाहन मक्का पर से न गुजरे। जिस कारण सड़क पर हर वक्त दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी।
शनिवार को जगह-जगह जांच कर सड़क पर मक्का सुखाने वाले लोगों को चिह्नित कर नोटिस किया गया।, सख्त हिदायत भी दी गई है। दोबारा मक्का सुखाएं जाने व पकड़े जाने पर वैसे किसानों के विरुद्ध सख्त कानूनी करवाई की जाएगी।
-दिवाकर कुमार, अंचलाधिकारी
एनएच-81 पर रखे मक्के से हादसे की आशंका
प्राणपुर | प्राणपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी लालगंज गांव के समीप एनएच 81 के दोनों किनारे मक्का फसल का अवशेष रखे जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बिहार-बंगाल का मुख्य सड़क होने के कारण हमेशा हजारों लोगों का आवागमन होते रहता है। दो पहिया व चार पहिया सहित बड़ी वाहनों का भी दिनभर आवागमन होता है। एनएच 81 किनारे दोनो तरफ मक्के का डंठल रखे जाने से वाहन चालकों को दूर तक ठीक से दिखाई नही देता है। जिस कारण हमेशा दुर्घटना होती रहती है। ज्ञात हो कि जिले के एसपी व जिलाधिकारी ने पत्र निर्गत कर सभी थाना व ओपी सहित अंचलाधिकारी को जांच करते हुए चेतावनी देकर करवाई करने का निर्देश दिया है। आये दिन सड़क में मक्के की फसल व सड़क किनारे उसके अवशेष रखे जाने से हमेशा दुर्घटना घटती रहती है। लालगंज गांव के समीप एनएच 81 से मक्के का डंठल राहगीरों ने रोशना ओपी प्रभारी से हटवाने की मांग की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.