सहायक थाना क्षेत्र के अररिया में रविवार को देर शाम गोली चलने से एक 7 वर्षीय बच्ची निधि कुमारी को गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव की एक महिला सहित उसके घर में शराब पार्टी कर रहे चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि बच्ची अपने घर चौकी पर बैठकर पढ़ाई कर रही थी। तभी घर से चार सौ मीटर दूर प्रशांत यादव के छत पर गांव के चार लड़के शराब पार्टी करने के दौरान नशे की हालत में फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें रंजन यादव की पुत्री के पैर में गोली लग गई। हालांकि मड़ैया थानाध्यक्ष विजय सहनी ने परबत्ता, पसराहा और भरतखंड़ पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते प्रशांत यादव की पत्नी रीना देवी सहित घर में मौजूद चार अन्य व्यक्ति काे गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों ने बताया इस घर में शराब की पार्टी, हवाई फायरिंग आम बात है। बताया जाता है कि सड़क से गुजरने वाली राहगीरों को इस घर के आगे से गुजरने में भय लगता है। जबकि शाम ढलते ही वहां शराब और हथियार तस्करों का अड्डा बन जाता है। सूत्रों के मुताबिक प्रशांत यादव की पत्नी रीना देवी शराब व हथियार तस्करी का गिरोह चलाती है। बताया जाता है कि पुलिस भी महिला की कार्यशैली से अवगत है। कई बार इस घर में जिले के अन्य थाना क्षेत्र की पुलिस ने भी छापेमारी की है।
रीना देवी सहित चार लोगों पर आरोप
इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल बच्ची की मां अविता देवी ने थाना में आवेदन देकर रीना देवी सहित चार अन्य व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। महिला व चार अन्य व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.