खगड़िया में गुरुवार की शाम आई अचानक तेज आंधी तूफान के साथ हुई बारिश ने दर्जनों पेड़ धराशाई हो गया। वहीं एक बगीचे में आम का पेड़ गिरने से दबकर एक 8 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गोगरी थाना के सामने स्थित चकयुसूफ मुहल्ला निवासी मोहम्मद असलम की पुत्री सिमरन खातुन के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि आंधी से पहले बच्ची बगीचे में आम चुनने गई थी। इस दौरान तेज आंधी में एक पेड़ गिर जाने से वह पेड़ के नीचे दब गई। लोगों को इसकी जानकारी मिली तो जेसीबी से पेड़ को हटाया गया और अंदर फंसी बच्ची को बाहर निकाला गया, मगर वह मृत पड़ी हुई थी।
वहीं गोगरी अनुमंडल कार्यालय के समीप बीएसएनएल का टावर तेज आंधी में धराशाई होकर जमींदोज हो गया। जिसके चपेट में आने से दो महिला सविता देवी और रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी 5 से अधिक लोग घायल हो गए।
महेशखूंट में NH पर कई पेड़ गिरे
तेज आंधी-तूफान के कारण महेशखूंट और गौछारी के बीच कई पेड़ गिर जाने से एनएच-31 पर आवागमन बाधित हो गया। जिससे NH पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घरों के छप्पर उड़े, बिजली पोल भी हुआ धराशाई
जिले के गोगरी, खगड़िया, अलौली, परबत्ता प्रखंड के कई गांव में तेज आंधी से लोगों के घरों की छप्पर उड़ गए तो कई कच्चे मकान गिर गए। गोगरी एवं महेशखूंट में करीब एक दर्जन से अधिक जगहों पर बिजली को पोल गिर गया और तार क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.