मधेपुरा सदर अनुमंडल के घैलाढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक पूर्व वार्ड सदस्य की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना घैलाढ़ थानाक्षेत्र के भतरंधा परमानंदपुर पंचायत के वार्ड-7 की है। मृतक की पहचान भतरंधा परमानंदपुर पंचायत के बलुआहा गांव वार्ड-7 के पूर्व वार्ड सदस्य नंद किशोर शर्मा के रूप में की गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने फिलहाल गांव में रोड को जाम कर दिया है। घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिसकर्मी लोगों को समझा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पूर्व वार्ड सदस्य नंदकिशोर शर्मा (55 वर्ष) अपने गांव में ही पैदल अकेले अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही बलराम शर्मा के पुत्र संजीव शर्मा पीछे से आया और नंद किशोर को पकड़ कर देसी कट्टा से उसके कनपट्टी में गोली मार दी। गोली लगने के साथ ही नंद किशोर गिर पड़े। जब तक लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचते, संजीव भाग खड़ा हुआ। घटना के बाद से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ भतरंधा चौक पर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने टायर जलाकर विरोध जताया। लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस लोगों को शांत कराने में जुट गई है। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं कुछ लोग हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के किराना दुकान को लूट लिया। इस संबंध में मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस हत्यारे की पहचान कर चुकी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.