बेतिया जिले के नरकटियागंज शिकारपुर थाना क्षेत्र में एक मदरसे में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। मृत लड़की के चेहरे एवं गले पर गहरे जख्म हैं। रविवार को जब बच्चे मदरसा में पढ़ने गए तो किशोरी के शव को देखा।
शव देख बच्चे मदरसा छोड़कर भाग निकले और गांववालों को सूचना दी। मामले में मदरसा इस्लामिया धोबहा टोला के हेड मदरीस मो. हशमुद्दीन और सेक्रेटरी तैयब अंसारी व किशोरी के पिता से भी पुलिस ने पूछताछ की। शिकारपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि हत्या के मामले की जांच की जा रही है। किशोरी के साथ रेप हुआ है कि नहीं इस बारे में मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जाएगा।
सुबह 4 बजे तक नहीं लौटी तो भाई ने दी पिता को सूचना
नाबालिग 5 बहनें और एक भाई थे। उसकी उम्र लगभग 17 साल थी। उसकी 3 बहनों की शादी हो चुकी है। मृतका चौथी नंबर पर थी। वहीं, उसकी मां की 5 साल पहले ही मौत हो चुकी है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे किसी का फोन आया। इसके बाद किशोरी घर से निकल गई। हालांकि, इसकी सूचना उन्हें नहीं थी। सुबह 4 बजे तक जब वह घर नहीं लौटी तो बेटे ने उन्हें जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने खोजबीन शुरू की।
बेटी की शादी अप्रैल में तय थी। घर से अचानक बेटी के गायब होने पर लोक लाज की वजह से गांव में किसी को नहीं बताया। उसको चुपचाप खोज रहा था। घर के पीछे चंद दूरी पर मदरसा है। सुबह जब मदरसा में हल्ला हुआ कि एक लड़की का शव मिला है तो होश उड़ गए। ग्रामीणों के कहने पर पहुंचे तो शव की पहचान हुई। पिता के अनुसार उसकी गांव में किसी से दुश्मनी नहीं है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.