सुपारी के पेड़ पर एक विशाल सांप के चढ़ने का वीडियो सामने आया है। वीडियो मधेपुरा का बताया जा रहा है। जो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो जिले के सिंहेश्वर स्थित नारियल विकास बोर्ड का बताया गया। इस चर्चा को सुनते ही सिंहेश्वर के लोग यह अद्भुत नजारा देखने नारियल विकास बोर्ड पहुंच गए। इससे विकास बोर्ड के कर्मी और अधिकारी परेशान हो गए। वहां के फील्ड ऑफिसर ने वीडियो वहां का होने से इनकार किया।
क्या है वीडियो में
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक सुपारी के पेड़ पर विशालकाय सांप चढ़ता नजर आ रहा है। इसमें सांप जिस तरीके से पेड़ पर चढ़ रहा है, उसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। सांप पेड़ को शरीर से जकड़ कर फुर्ती से ऊपर बढ़ते दिख रहा है। लोग फेसबुक पर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं। वहीं, इस चर्चा से अलग कई लोग इसे सिंहेश्वर का होने से इनकार कर रहे हैं। लेकिन जब यह विडियो वायरल हो गया तो बिहार के विभिन्न हिस्से से लोग इस बारे में जानने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं।
नारियल विकास बोर्ड का वीडियो होने से अधिकारी ने किया इनकार
वीडियो में दिख रहे सांप के बारे में ग्रामीण सुभाष यादव बताते है कि- सांप को देखने से पता लग रहा है कि ये धामन सांप है। जो बहुत ज्यादा जहरीला नहीं होता है। ये खासकर पालतू जानवरों का दूध पीता है। वहीं वायरल वीडियो के संबंध में नारियल विकास बोर्ड के फील्ड ऑफिसर आर एन सिंह ने बताया कि- 'यहां इस तरह का कोई सांप नहीं आया है। वीडियो कहां का है मुझे पता नहीं। लेकिन ये यहां का नहीं है। किसी भी तरह का सांप यहां नहीं आया है।'
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.