मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना के बसंतपुर के आर्मी जवान आजाद सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने दिखाया की किस तरह कुछ पुलिसकर्मी उनके दरवाजे पर आए हुए हैं और उन्हें थाना पर चलने को कहा जा रहा है। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा है। जवान ने भास्कर से फोन पर बातचीत की तो बताया कि वे शिलांग में पोस्टेड हैं। आर्मी में हवलदार हैं। कुछ दिन पूर्व घर गए हुए थे। अचानक से रात में कुछ पुलिसवाले घर में घुस गए।
उन्होंने कारण पूछा तो कहने लगे कि आपको थाना चलना होगा। उन्होंने थाना चलने की वजह पूछी तो कुछ जानकारी नहीं दी। तभी उन्होंने एक वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर जारी किया। फिर उन्होंने सकरा पुलिस से भी बात की। लेकिन, वहां से कोई जानकारी नहीं मिल सकी। कहते हैं अब समझ नहीं आ रहा है की आखिर क्यों पुलिस उन्हें परेशान कर रही है।
डीएसपी बोले- मामला संज्ञान में नहीं
भास्कर ने सकरा थानेदार सह प्रशिक्षु डीएसपी अबु सैफी मुर्तुजा से बात की। उन्होंने बताया की नहीं इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मुझे इसकी जानकारी नहीं मिली है। वहीं आर्मी जवान ने बताया की वे इस घटना के बाद शिलांग लौट गए हैं। यहीं से उन्होंने डाक से डीएसपी, एसएसपी समेत अन्य आला अधिकारियों को आवेदन भेजकर इस मामले की जांच करने की मांग की है।
थाना जाने से किया था इनकार
आर्मी जवान ने बताया कि जब उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया तो सभी पुलिसकर्मी हिचकने लगे थे। उन्होंने कहा की बिना नोटिस और सूचना के आपलोग किस आधार पर मुझे थाना ले जाने आएं हैं। इसका जवाब उनलोगों के पास नहीं था। आसपास के लोग भी जुटने लगे तो सभी पुलिसकर्मी वहां से चले गए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.