मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की ओपी क्षेत्र के पुपरी गांव में दरवाजे पर चढ़कर प्रिंटिंग प्रेस कर्मी संजीत कुमार सिंह(45) के मर्डर केस में मुख्य आरोपी अभय सिंह के पिता अवधेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रविवार की देर रात व सोमवार को आरोपियों की गिरफ्तारी को लकर कई जगहों पर छापेमारी की गई। इसमें सभी आरोपी घर से फरार मिले। हालांकि तुर्की क्षेत्र से मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। SSP जयंतकांत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष टीम कई जगहों पर कार्रवाई कर रही है। शीघ्र ही मुख्य हत्यारोपी को भी दबोच लिया जाएगा।
बता दें कि हत्या के दौरान पीछे से अवधेश सिंह मारो गोली-मारो गोली चिल्ला रहा था। इसका जिक्र मृतक के परिजन ने पुलिस पूछताछ में किया था। उसपर नामजद FIR भी दर्ज कराया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। जेल भेजने की कवायद की जा रही है।
बता दें कि पुपरी के संजीत कुमार सिंह (45) रविवार की सुबह घर पर थे। इसी दौरान पड़ोसी अभय प्रताप सिंह अपने एक साथी के साथ उन्हें खोजता हुआ दरवाजे पर पहुंचा। वे बाथरूम में थे। जैसे ही बाहर निकले। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान अभय ने कमर से पिस्टल निकाला और दो गोली छाती और कनपटी में मार दिया। इससे मौके पर उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। पुलिस जाँच में पता लगा कि मृतक के बेटे और आरोपी अभय की पत्नी के बीच अवैध सम्बन्ध है। वह उसकी पत्नी को लेकर फरार हो गया था। इसी के प्रतिशोध में घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.