मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के महमदपुर बुजुर्ग में ससुराल आये युवक की बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। उसकी पहचान वैशाली जिले के लालगंज मलरिया गांव के विक्की मल्लिक (25) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। गांव में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गयी। कोई जहर खाने से तो कोई जहरीला पेय पदार्थ का सेवन करने से मौत बता रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि युवक ने घरेलु विवाद में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया पति मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि कमरे से सल्फास का टेबलेट भी मिला है। इसे देखकर लग रहा है कि युवक ने ये टेबलेट खाया होगा। वैसे पुलिस को सूचना दे दी गयी है। पोस्टमार्टम के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। मुखिया पति ने कहा कि प्रारम्भिक जानकारी में घरेलू विवाद की बात लोग बता रहे हैं। पुलिस के आने और पूछताछ करने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। इधर, सकरा थानेदार सरोज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने में जुट गई है।
दो साल पूर्व हुई थी शादी
विक्की की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसे एक बेटी भी है। उसकी पत्नी और बेटी काफी दिनों से मायके में ही रह रही है। वह मेहनत मजदूरी करने वाला था। तीन दिन पूर्व वह अपने ससुराल आया था। जहां देर रात उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गयी।
परिजन नहीं बोल रहे कुछ
वहीं घटना के बाद उसके ससुराल वाले कुछ नहीं बोल रहे हैं। किसी प्रकार के विवाद से भी इंकार कर रहे हैं। परिजन का कहना है कि बुधवार दिन में वह किसी काम से बाहर गए थे। रात को लौटकर आये तो हालत ठीक नहीं थी। पूछने पर कुछ नहीं बोला। उसकी जेब से सल्फास का टेबलेट मिला। इसी दौरान वह अचेत होकर गिर गया। उसे उठाकर जब डॉक्टर के पास ले गए तो वहां मृत घोषित कर दिया गया। मुखिया पति ने बताया कि विक्की के घर से भी लोग आ रहे हैं। उसके बाद ही शव उठाया जाएगा। थानेदार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। प्रथम दृष्टया सल्फास खाने से मौत होने की बात बताई जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.