मुजफ्फरपुर में हर्ष फायरिंग का मामला नहीं थम रहा है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही है। एक बार फिर हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कोर्ट और जीन्स पहना एक शख्स पिस्टल लेकर सरेआम फायरिंग कर रहा है। वीडियो टाउन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
हालांकि, मामला अब तक पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। इसलिए स्पष्ट पता नहीं चल रहा है कि वीडियो किस इलाके का है और फायरिंग करने वाला कौन है? टाउन DSP रामनरेश पासवान ने बताया, 'वीडियो की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।'
वीडियो एक रिसेप्शन पार्टी का बताया जा रहा है। जहां स्टेज पर दुल्हा-दुल्हन बैठे हुए हैं। आसपास काफी लोगों की भीड़ है। इसी दौरान एक व्यक्ति स्टेज से कुछ दूरी पर सामने खड़ा होकर एक हाथ ऊपर उठाकर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग करता है। इसके बाद वह पीछे हट जाता है। यह स्पष्ट रूप से वीडियो में दिख रहा है।
सोशल मीडिया पर चर्चा है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति अक्सर शहर में फोर व्हीलर से देखा जाता है। कई बार तो उसे थाना पर भी आते जाते देखा गया है। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।
RJD प्रखंड अध्यक्ष का वीडियो हुआ था वायरल
हाल में कुढ़नी में RJD प्रखंड अध्यक्ष खुर्शीद आलम का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह घोड़े पर सवार होकर दुनाली बन्दूक से फायरिंग करते दिखे थे। हालांकि, इस मामले में पुलिस की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पूर्व भी एक जनप्रतिनिधि के बेटे का पिस्टल लहराते वीडियो वायरल हुआ था। जीत के जश्न में DJ बजाकर वह पिस्टल लहरा रहा था। इस मामले में भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि है।
बता दें, हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ही दिन पर दिन इस तरह की घटनाएं घट रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.