BJP के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेश वर्मा के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट चल रहा है। इसका पता तब लगा जब उनके करीबी ने उन्हें इसकी जानकारी दी और बताया कि कई लोगों से अपनी मजबूरी बताकर रुपए मांगे जा रहे हैं। जानकारी मिलते ही उन्होंने टाउन थाना पुलिस को इससे अवगत कराया। बाद में उनके भाई ब्रजेश कुमार वर्मा ने शिकायत की।
टाउन थानेदार ओमप्रकाश ने बताया, 'मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। IT एक्सपर्ट से संपर्क साधकर फर्जी ID का IP एड्रेस समेत अन्य चीजों का पता लगाया जा रहा है।'
ब्रजेश वर्मा ने पुलिस को बताया है, 'डॉ. राजेश वर्मा भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं पार्टी में कई महत्वपूर्ण पद पर हैं। उनका फेक फेसबुक ID डॉ. राजेश वर्मा के नाम से किसी असामाजिक तत्व ने विगत दिनों से बना लिया है और पैसों की मांग कर रहा है। ID में बदमाशों ने प्रदेश उपाध्यक्ष की प्रोफाइल फोटो भी लगाया है। ताकि लोगों को झांसा में लेकर उनसे पैसे ऐंठ सके।'
DSP समेत कई अधिकारियों हो चुके हैं शिकार
बता दें, हाल में फर्जी सोशल मीडिया ID बनाना और इसे हैक करने के कई मामले सामने आए हैं। हैकरों ने मुजफ्फरपुर के तत्कालीन DSP वेस्ट सैयद इमरान मसूद, बेला के तत्कालीन थानेदार धर्मेंद्र कुमार, विजिलेंस DSP और ICDS की एक महिला अधिकारी समेत कई लोगों को निशाना बनाया है, लेकिन पुलिस ने सिर्फ DSP वेस्ट का फेसबुक एकाउंट हैक करने वाले को UP से गिरफ्तार किया था। जबकि, अन्य मामलों में पुलिस की तरफ से FIR के अलावा कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.