अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन जिले में लगातार दोपहिया वाहन जांच अभियान चला रहा है। शनिवार को भी शहर के मोतीझील ओवरब्रिज, कलमबाग चौक, पानी टंकी चौक, मेरिन ड्राइव रोड सहित दर्जनों जगहों पर अभियान चलाया गया। दर्जनों बाइक सवारों से जुर्माना वसूला गया। इस दौरान एक वाहन चालक ने शहरी थाने के एक पुलिसकर्मी से दुर्व्यवहार भी किया। इसके बाद उसके पिता को बुला कर जुर्माना लेने के बाद छोड़ा गया। ज्ञात हाे कि शनिवार काे ही पूर्व मेयर सुरेश कुमार ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
दरअसल, सुरेश कुमार के काेई मित्र मेरिन ड्राइव रोड में बिना हेलमेट के पकड़े गए थे। पूर्व मेयर महिला दारोगा से उनका चालान नहीं काटने का आग्रह कर रहे थे। लेकिन, उनके मुताबिक उक्त दारोगा ने एक नहीं सुनी। बिना हेलमेट बाइक चलाने के कारण चालान किया गया। हालांकि, इस बीच सुरेश कुमार नगर डीएसपी राघव दयाल और नगर थानेदार से भी फोन पर बात करते रहे। लेकिन, इसका भी असर नहीं हुअा।
थानेदार और पुलिस अधिकारियों को हो रही परेशानी
बाइक चेकिंग अभियान के दाैरान पुलिस काे परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। शनिवार काे एक लड़का बिना हेलमेट बाइक चलाते पकड़ा गया। उसका चालान हुआ। लेकिन, लड़का अपने पिता के पुलिस में हाेने की धौंस देता रहा। दूसरी ओर, एक अन्य लड़का कोचिंग जाने की जल्दबाजी में हेलमेट घर पर छोड़ने की बात कह रहा था। वह खुद काे गरीब बता 50 रुपए लेकर छाेड़ने की मिन्नत भी करता रहा। कई बार थाने पर भीड़ जुट जाती है। हर कोई 100 रुपए या कम का ही चालान करने का दबाव बनाता है।
अव्वल यह कि काजीमोहम्मदरपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर में एक बाइक पर सवार तीन युवक वाहन चेकिंग हाेती देख बाइक छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस बाइक जब्त कर काजीमोहम्मदपुर थाने ले आई। इसके नंबर के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.