कुढ़नी उपचुनाव में प्रचार के आखिरी दिन चिराग पासवान और भोजपुरी स्टार रवि किशन ने केरमा के हाईस्कूल मैदान में जनसभा की। सांसद रवि किशन ने इस दौरान नीतीश पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में फिर से जंगलराज लौट आया है। लूट, हत्या, डकैती, रेप के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछ कि जिंदगी झंड बा...नीतीश बाबू कौन बात के घमंड बा।
रवि किशन ने अपने संबोधन की शुरुआत 'दिल दिया है जां भी देंगे...' गीत से की। इसके बाद अपने अंदाज में मंच से कहा- जिंदगी झंड बा नीतीश बाबू, कौन बात के घमंड बा। जंगलराज के घमंड बा। एक आदमी बीमार बा। पूरा बिहार बीमार हो गइल। ये चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है। ये चुनाव सम्मान की लड़ाई है। ये चुनाव गुंडाराज जंगलराज का खात्मा करेगा।
चिराग और रवि किशन के साथ साथ केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा, पूर्व मंत्री प्रमोद कुमार समेत कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद हैं। बता दें कि इसी मैदान में कल सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की जनसभा हुई थी।
भाजपा सांसद ने कहा कि मोदी जी के साथ धोखा हुआ। ये चुनाव मोदी जी का चुनाव है। मोदी जी का संदेशा लेकर आए हैं कि केदार बाबू को जिताइएगा। नीतीश बाबू, बिहार 20 साल पीछे चला गया। ये कौन बिहार है? ये कर्पूरी ठाकुर की भूमि है। गुंडई शुरू हो गई। कत्लेआम हो रहा है।
नीतीश बाबू को कुर्सी का स्वार्थ है। कुर्सी के लालच में बिहार को खत्म करने चले हैं। हो नीतीश बाबू...बलात्कार शुरू हो गया। हत्या शुरू हो गया। कौन बात के घमंड बा...ये बिहार था जब लोग यहां बसना चाहता था।
CM की सभा में हंगामे का मुद्दा चिराग ने उठाया
रवि किशन के बाद सभा को संबोधित करने आए चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री की सभा में हुए हंगामे का मुद्दा उठाया। कहा कि कल सीटीईटी अभ्यर्थी क्या गलत मांग कर रहे थे, जो इन लोगों ने कुर्सी से मारकर उन्हें भगा दिया। हमारे ताड़ी बेचने वाले भाइयों को पकड़कर जेल भेज रहे हैं और जो शराब बेच रहा है और बना रहा है, उसे संरक्षण दे रहे हैं।
कहा कि चिराग की बस इतनी गलती है कि मैं अपने प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिलाने की बात करता हूं। इसलिए हमें तोड़कर कमजोर करने का कोशिश किया जा रहा है। चिराग को अगर सत्ता का लालच होता तो मुख्यमंत्री के सामने झुक जाता।
नीतीश कुमार की गलत नीतियों से समझौता कर लेता तो आज क्या कभी भी आप लोगों से नजर नहीं मिला पाता। आज हमारी बेटियों के साथ बलात्कार हो रहा है। कोई सुनने वाला नहीं है। चकिया में पांच साल की बच्ची जल गई।
दबंगों ने उसके घर को जला दिया। मैं PMCH में गया था, उस बच्ची से मिलने। लेकिन, नीतीश कुमार को कोई फर्क नहीं पड़ता। बार-बार वे जनादेश का अपमान करते हैं। आपको आगाह करने आया हूं। इनसे सतर्क रहिए।
सभा में किस नेता ने क्या कहा
पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार बढ़ रहा है। लेकिन, बिहार की नींव ठीक करना होगा। कुढ़नी यदि जीत हैं तो तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रह पाएंगे। वे कहकर गए हैं की हम बहुत काम कर रहे हैं।
काम क्या कर रहे हैं एक तरफ शराब माफिया और दूसरी तरफ बालू माफिया को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आज शराब की होम डिलीवरी का काम चालू हो गया। तेजस्वी यादव कहते हैं नौजवानों को रोजगार देंगे। हम लोग ने नौकरी दिया। उसी का नियुक्ति ये बांट रहे थे।
इससे पहले विधायक राजू सिंह ने कहा कि कुढ़नी में लगातार घूम रहा हूं। जो देखने को मौका मिला है। आप लोग जानते हैं पलटू चाचा के नाम से प्रसिद्ध। उनके लोग गांव गांव ने घूम रहे हैं। बोलते हैं भारत को भाजपा मुक्त करना है और इसकी लड़ाई कुढ़नी से होगी। आप लोग संदेश देने वाले हैं कि कुढ़नी की जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देख रहे हैं कुढ़नी की जनता को। आप लोग बता दीजिए कि कुढ़नी की जनता भाजपा के साथ है।
पूर्व कानून मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि दोस्तों आपकी उपस्थिति और चेहरे का मुस्कान बताता है कि कमल खिल गया है। पांच को कमल खिलना तय है। मीडिया के माध्यम से पलटू कुमार को बताना चाहते हैं की वे भुला गए हैं की जिस विकास की कहानी कल वे सुना रहे थे। वह भाजपा के कारण हुआ है। उनकी ताकत नहीं पार्लियामेंट जाने की। वो भी भाजपा के कारण हुआ।
पूर्व मंत्री जनक राम ने कहा कि लगातार कई दिनों से घूमने पर पता लगा कि सर्व समाज के लोग तय कर चुके है की केदार गुप्ता को जिताना है। मैं अपील करता हूं की एक एक वोट देकर केदार गुप्ता को जिताने की अपील करता हूं।
कुढ़नी का मुकाबला हुआ काफी रोचक
चिराग पासवान पहली बार कुढ़नी में प्रचार करने आ रहे हैं। पांच दिसंबर को चुनाव होना है। महागठबंधन और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत इस चुनाव को जितने के लिए झोंक दी है। जिस तरह तेजस्वी ने लालू प्रसाद यादव का नाम और किडनी ट्रांसप्लांट की बात बोलकर जनता को इमोशनली अपने साथ जोड़ा है। उससे कुढ़नी की हवा बदलने लगी है। महागठबंधन प्रत्याशी मनोज कुशवाहा भी घर घर घूमकर माफी मांग रहे हैं। मंच से लगातार महागठबंधन के नेता मंत्री माफी देने की बात बोल रहे हैं। मुकाबला अब काफी रोचक हो गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.