मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार रात बच्चा किडनैपिंग के आरोप में एक व्यक्ति को लोगों ने धर दबोचा। फिर, उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। इसके बाद उसे एक पेड़ बांधकर दोबारा पिटाई की गई। इसमें वह घायल हो गया।
घटना जिले के सरैया थाना क्षेत्र के पोखरैरा इलाके की है। पिटाई के बाद आरोपी व्यक्ति से लोगों ने पूछताछ की। लेकिन, वह किडनैपिंग की बात से मुकर गया। इधर, पीड़ित बच्चे ने खुद को मोतिहारी का रहने वाला बताया है। पीड़ित ने कहा कि आरोपी व्यक्ति उसे किडनैपिंग करके कहीं ले जा रहा है। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई करने लगा। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फिर, बच्चे को किसी तरह आरोपी व्यक्ति से मुक्त कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दिया है। पुलिस बच्चे व आरोपी व्यक्ति का नाम-पते का सत्यापन करने में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पोखरैरा स्थित हाईवे के समीप एक व्यक्ति को बच्चे की पिटाई करते देखा गया। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करने की कोशिश की। लेकिन, इसी दौरान बच्चा किडनैपिंग की बात लोगों से कहने लगा। इसपर स्थानीय लोगो ने आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की। सन्तोषजनक बात नहीं कहने पर उसे बांध दिया गया।
पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुट गई है। बच्चे व आरोपी व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.